LOADING...
क्या आज आपके फोन पर भी आया इमरजेंसी अलर्ट? जानिए क्या है इसका मतलब
आज कई लोगों के फोन पर आया इमरजेंसी अलर्ट

क्या आज आपके फोन पर भी आया इमरजेंसी अलर्ट? जानिए क्या है इसका मतलब

Feb 20, 2026
01:45 pm

क्या है खबर?

क्या आज (20 फरवरी) आपके स्मार्टफोन पर अचानक तेज आवाज के साथ इमरजेंसी अलर्ट आया है? अगर हां, तो घबराने की जरूरत नहीं है। यह किसी असली आपदा की चेतावनी नहीं थी, बल्कि सरकार द्वारा किया गया एक देशव्यापी टेस्ट था। शुक्रवार को नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी और दूरसंचार विभाग ने मिलकर इस अलर्ट सिस्टम की जांच की है। इसका मकसद आपदा के समय तेजी से सूचना पहुंचाने की तैयारी करना है।

वजह

क्यों भेजा गया यह टेस्ट मैसेज?

सुबह करीब 11:58 बजे कई लोगों के आईफोन और एंड्रॉयड फोन पर 'टेस्ट अलर्ट' का नोटिफिकेशन आया। इसके साथ तेज बीप की आवाज भी सुनाई दी। इस अलर्ट मैसेज में साफ लिखा था कि यह सिर्फ एक टेस्ट सेल ब्रॉडकास्ट है। भारत सरकार इस सिस्टम की जांच कर रही है, ताकि भूकंप, सुनामी या अचानक बाढ़ जैसी आपदा में तुरंत चेतावनी भेजी जा सके। अलर्ट मैसेज पाने वाले लोगों को इस मैसेज पर कोई कार्रवाई नहीं करनी है।

अलर्ट

टेस्टिंग के दौरान कई बार आ सकता है अलर्ट

केंद्र सरकार ने बताया है कि टेस्टिंग चरण में यूजर्स को यह अलर्ट एक से ज्यादा बार भी मिल सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि अलग-अलग मोबाइल टावरों पर सिस्टम की जांच की जा रही है। ऐसे सभी फोन जिनमें सेल ब्रॉडकास्ट चैनल चालू है, उन पर हिंदी और अंग्रेजी में मैसेज आ सकता है। यह पूरी प्रक्रिया देशभर में चल रही है, ताकि सिस्टम सही तरीके से काम कर सके।

Advertisement

सिस्टम

आगे कैसे करेगा काम यह सिस्टम?

जब यह इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम पूरी तरह से चालू हो जाएगा, तब किसी भी आपदा की स्थिति में सरकार सीधे मोबाइल फोन पर रियल टाइम चेतावनी भेज सकेगी। यह मैसेज अलग-अलग भारतीय भाषाओं में भी आ सकता है। इससे लोगों को समय रहते सावधान होने और सुरक्षित जगह जाने का मौका मिलेगा। अभी जो अलर्ट मैसेज लोगों को मिल रहा है, वह सिर्फ तैयारी और जांच का एक हिस्सा है।

Advertisement