क्यों OpenAI ने चीनी सरकार पर लगाया ChatGPT के दुरुपयोग का आरोप?
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI ने चीनी सरकार पर अपने साइबर अभियानों में ChatGPT का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। कंपनी का कहना है कि इससे AI के दुरुपयोग के खतरे उजागर होते हैं। इसकी नई रिपोर्ट 'डिसरप्टिंग मैलिशियस यूसेज ऑफ AI' में यह दस्तावेजीकरण किया गया है कि कैसे बीजिंग के एजेंट्स ने प्रभाव अभियानों से जुड़ी आंतरिक स्थिति रिपोर्ट्स को संपादित करने के लिए चैटबॉट का इस्तेमाल किया।
खुलासा
ऐसे हुआ दुरुपयोग का खुलासा
बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, OpenAI ने कहा कि उसने चीनी सरकार से जुड़े एक अकाउंट को हटाने के बाद इस ऑपरेशन का खुलासा किया, जो संपादन के लिए ChatGPT पर समय-समय पर रिपोर्ट अपलोड कर रहा था। इसके बाद, AI कंपनी ने चीन के 'साइबर स्पेशल ऑपरेशंस' की गहन जांच की, जो देश के अंदर, बाहर और विदेशों में संभावित असंतुष्टों को निशाना बनाते हैं। इन प्रयासों में सैकड़ों कर्मचारी, हजारों फर्जी अकाउंट और दर्जनों रणनीतियां शामिल थीं।
हेरफेर
चीनी एजेंट्स ने किया अदालती दस्तावेजों में हरेफेर
इन अभियानों के निशाने पर विदेशों में रहने वाले चीनी नागरिकों के अलावा जापान के प्रधानमंत्री जैसे विदेशी नेता भी शामिल थे। रिपोर्ट में उन उदाहरणों का विस्तृत वर्णन किया गया है, जहां चीनी एजेंट्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट हटाने का दबाव बनाने के लिए अमेरिकी अदालती दस्तावेजों में हेराफेरी की। OpenAI ने पाया कि समन्वित अभियानों में फर्जी अकाउंट्स द्वारा बड़ी संख्या में आपत्तिजनक रिपोर्टें जमा करके असहमति की आवाजों पर प्रतिबंध लगाने का प्रयास किया गया।