Page Loader
स्टारशिप की नौवीं परीक्षण उड़ान क्यों हुई असफल? एलन मस्क ने बताई वजह
आज सुबह स्टारशिप की नौवीं परीक्षण उड़ान असफल हो गई (तस्वीर: स्पेस-X)

स्टारशिप की नौवीं परीक्षण उड़ान क्यों हुई असफल? एलन मस्क ने बताई वजह

May 28, 2025
12:50 pm

क्या है खबर?

अंतरिक्ष कंपनी स्पेस-X की महत्वाकांक्षी स्टारशिप परियोजना को आज (28 मई) एक और झटका लगा है। आज सुबह इसकी नौवीं परीक्षण उड़ान असफल हो गई। यह उड़ान हिंद महासागर के ऊपर रॉकेट के वायुमंडल में टूट जाने से खत्म हुई। हालांकि, उड़ान की शुरुआत बेहतर रही और कुछ जरूरी चरण सफल भी रहे, लेकिन अंत में संपर्क टूट गया। CEO एलन मस्क ने कहा कि मिशन से जरूरी आंकड़े मिले हैं, जो भविष्य की उड़ानों में मदद करेंगे।

वजह

क्यों असफल हुई मिशन? 

मस्क ने बताया कि उड़ान के दौरान मुख्य इंजन कटऑफ सही समय पर हुआ, जो एक बड़ी उपलब्धि रही, लेकिन मिशन के बाद के हिस्से में एक लीक के कारण मुख्य टैंक का दबाव गिर गया। यह गिरावट तब हुई जब रॉकेट समुद्र की ओर बढ़ रहा था और फिर वायुमंडल में वापस लौट रहा था। इसी दबाव की कमी की वजह से रॉकेट नियंत्रण से बाहर हो गया और हवा में ही टूट गया, जिससे संपर्क खत्म हो गया।

तकनीकी बातें

कई तकनीकी बातें सामने आईं

इस परीक्षण में सुपर हैवी बूस्टर का आंशिक रूप से सफल उपयोग भी हुआ और नकली स्टारलिंक सैटेलाइट तैनात करने की कोशिश की गई। हालांकि, पेलोड दरवाजे पूरी तरह नहीं खुले। हीट शील्ड, जो पहले चिंता का विषय थी, ने इस बार अच्छा प्रदर्शन किया। मस्क ने बताया कि अब हर 3 से 4 हफ्तों में नई उड़ान होगी। स्पेस-X हर असफलता से सीखकर चंद्रमा और मंगल ग्रह जैसे मिशनों की तैयारी कर रही है।