Page Loader
शुभांशु शुक्ला से पहले कौन-कौन से भारतीय कर चुके हैं अंतरिक्ष की यात्रा?
कई भारतीय अंतरिक्ष की यात्रा कर चुके हैं (तस्वीर: नासा)

शुभांशु शुक्ला से पहले कौन-कौन से भारतीय कर चुके हैं अंतरिक्ष की यात्रा?

Jun 27, 2025
07:18 am

क्या है खबर?

भारत अंतरिक्ष के क्षेत्र में काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला एक्सिओम-4 मिशन के लिए 26 जून को अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) पहुंच गए हैं। इस यात्रा के बाद वह ISS पर जाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। इसलिए यह भारत के लिए बहुत गर्व का पल है। आइए जानते हैं शुक्ला से पहले कौन-कौन से भारतीय अंतरिक्ष की यात्रा कर चुके हैं और उन्होंने कब उड़ान भरी थी।

राकेश शर्मा 

राकेश शर्मा से शुरू हुई थी भारत की अंतरिक्ष यात्रा 

भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा थे, जो 1984 में सोवियत संघ के सोयुज T-11 मिशन के तहत अंतरिक्ष में गए थे। वह भारतीय वायु सेना के पायलट थे और उन्होंने अंतरिक्ष से भारत को 'सारे जहां से अच्छा' कहा था। उनके बाद कई दशक तक कोई भारतीय अंतरिक्ष नहीं गया। शर्मा की यह यात्रा भारत के लिए ऐतिहासिक रही और आज भी उन्हें सम्मान के साथ याद किया जाता है।

अन्य

अंतरराष्ट्रीय मिशनों में शामिल हुए भारतीय मूल के यात्री

इसके बाद भारतीय मूल के अंतरिक्ष यात्री जैसे कल्पना चावला और सुनीता विलियम्स ने नासा के मिशनों के जरिए अंतरिक्ष की यात्रा की। चावला ने 1997 और 2003 में स्पेस शटल से उड़ान भरी थी, लेकिन दूसरी बार दुर्घटना में उनका निधन हो गया। विलियम्स ने कई बार अंतरिक्ष स्टेशन में काम किया और अंतरिक्ष में सबसे ज्यादा समय बिताने वाली महिलाओं में शामिल हैं। हाल ही में वह करीब 6 महीने बाद ISS से पृथ्वी पर वापस आई हैं।

 मिशन 

क्या है एक्सिओम-4 मिशन की खास बात?

एक्सिओम-4 मिशन अमेरिका की निजी कंपनी एक्सिओम स्पेस का हिस्सा है, जो नासा के साथ मिलकर स्पेस स्टेशन तक उड़ान भर रही है। इस मिशन में 4 अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं, जिनमें ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी हैं। यह मिशन 14 दिन का है, जिसमें यात्री स्पेस स्टेशन में रहकर वैज्ञानिक प्रयोगों में हिस्सा लेंगे। यह भविष्य के लिए व्यावसायिक अंतरिक्ष यात्रा की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।