Page Loader
व्हाट्सऐप की मदद से पेमेंट करना होगा आसान, नया शॉर्टकट टेस्ट कर रही ऐप
व्हाट्सऐप में यूजर्स को पेमेंट का आसान विकल्प दिया जाएगा।

व्हाट्सऐप की मदद से पेमेंट करना होगा आसान, नया शॉर्टकट टेस्ट कर रही ऐप

Aug 24, 2021
11:57 am

क्या है खबर?

व्हाट्ऐप ने अपने यूजर्स के लिए मेसेजिंग प्लेटफॉर्म में कई नए फीचर्स शामिल किए हैं। व्यू-वन्स से लेकर मल्टी-डिवाइस सपोर्ट जैसे फीचर्स यूजर्स को मिल रहे हैं और व्हाट्सऐप पे की मदद से उन्हें चैटिंग के दौरान पेमेंट का विकल्प भी दिया गया है। व्हाट्सऐप पे को हाल ही में पेमेंट बैकग्राउंड्स फीचर देकर पर्सनलाइज किया गया है और इससे जुड़ा एक नया शॉर्टकट भी टेस्ट किया जा रहा है।

पेमेंट

UPI की मदद से काम करता है व्हाट्सऐप पे

व्हाट्सऐप की पेमेंट सेवा को भारत में पिछले साल नवंबर में लॉन्च किया गया था और कंपनी यूनीफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) की मदद से भुगतान का विकल्प देती है। नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की ओर से इस फीचर को मंजूरी मिलने के बाद इसका वाइड रोलआउट किया गया है। लॉन्च के बाद से ही यूजर्स के लिए पेमेंट आसान बनाने की कोशिश कर रही कंपनी कई बदलाव कर चुकी है और अब पेमेंट्स शॉर्टकट लेकर आ रही है।

ट्विटर पोस्ट

ट्विटर पर दी जानकारी

शॉर्टकट

सिंगल टैप से होगा व्हाट्सऐप पे ट्रांजैक्शन

व्हाट्सऐप अपडेट्स और नए फीचर्स मॉनीटर करने वाली वेबसाइट WABetaInfo ने नई रिपोर्ट में पेमेंट शॉर्टकट का जिक्र किया है। ऐप के लेटेस्ट बीटा वर्जन में दिख रहा यह शॉर्टकट चैट विंडो में सबसे नीचे दाईं ओर दिखेगा। इस आइकन पर टैप करने के बाद यूजर्स आसानी से पेमेंट्स का विकल्प चुन पाएंगे। इस तरह पेमेंट करने के लिए यूजर्स को लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा और सिंगल टैप पर ऑप्शन मिल जाएगा।

टेस्टिंग

बीटा यूजर्स को मिल रहा है व्हाट्सऐप पे शॉर्टकट

व्हाट्सऐप पे शॉर्टकट अभी केवल बीटा यूजर्स को दिया गया है। अगर आपके एंड्रॉयड फोन में व्हाट्सऐप बीटा वर्जन 2.21.17 इंस्टॉल है तो आपको नया शॉर्टकट चैट विंडो में दिख जाएगा। अभी साफ नहीं है कि यह शॉर्टकट इस्तेमाल करने के लिए पहले व्हाट्सऐप पे सेटअप करना होगा या नहीं। चुनिंदा यूजर्स के साथ टेस्टिंग के बाद यह शॉर्टकट स्टेबल अपडेट में सभी के लिए रोलआउट किया जा सकता है।

फीचर

ऐसे सेटअप कर सकते हैं व्हाट्सऐप पे

व्हाट्सऐप का रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम 160 से ज्यादा भारतीय बैंक्स को सपोर्ट करता है। इसे सेटअप करने के लिए ऐप को लेटस्ट वर्जन पर अपडेट करने के बाद सेटिंग्स में जाना होगा। यहां आपको नया 'पेमेंट' विकल्प स्क्रीन पर सबसे नीचे दिखेगा। अगले पेज पर बैंक्स की लिस्ट दिखेगी, जिनमें से अपना बैंक चुनना होगा। यहां से आप बैंक अकाउंट सेटअप कर सकेंगे और व्हाट्सऐप पर चैटिंग के साथ-साथ पेमेंट्स भी कर पाएंगे।

अपडेट

पेमेंट्स इन्फॉर्मेशन देख सकेंगे यूजर्स

व्हाट्सऐप में जल्द यूजर्स को पेमेंट्स इन्फॉर्मेशन नाम का नया फीचर मिल सकता है। इस फीचर की मदद से यूजर्स को उन पेमेंट्स की जानकारी दी जाएगी, जो उन्होंने व्हाट्सऐप पेमेंट सेवा के साथ किए हैं। नए फीचर के स्क्रीनशॉट्स में दिख रहा है कि यह फीचर व्हाट्सऐप को पेमेंट रिपोर्ट तैयार करने की रिक्वेस्ट भेजेगा। इसके बदले प्लेटफॉर्म यूजर की ओर से किए गए पेमेंट्स और उनसे जुड़ी सेटिंग्स की जानकारी दे देगा।