व्हाट्सऐप कुछ iOS बीटा टेस्टर्स के लिए एक नया और काम का फीचर जांच रहा है। इसके तहत अब वे अपनी चैट्स का बैकअप ऐपल के आईक्लाउड की बजाय सीधे ऐप के अपने सर्वर पर ले पाएंगे।
अगर, आप आईक्लाउड की 5GB फ्री स्पेस खत्म होने से परेशान हैं तो यह सुविधा आपके लिए काफी उपयोगी हो सकती है।
यह विकल्प अभी बीटा वर्जन में है और iOS वर्जन 26.45.10.71 टेस्टफ्लाइट के जरिए उपलब्ध है। व्हाट्सऐप के सर्वर पर होने वाले सभी बैकअप एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड होंगे, जिससे आपके मैसेज पूरी तरह से प्राइवेट और सुरक्षित रहेंगे।
बैकअप 4 महीने तक रहेंगे
यह नई बैकअप सेटिंग आपको व्हाट्सऐप की 'सेटिंग्स' में 'चैट बैकअप' स्क्रीन के अंदर मिलेगी। वहां आपको स्टोरेज के लिए व्हाट्सऐप के सर्वर को चुनना होगा।
अगर, आप इस सर्विस का इस्तेमाल बंद कर देते हैं और बैकअप को रिन्यू नहीं करते हैं तो भी वे 4 महीने तक सुरक्षित रहेंगे। इसके बाद ही उन्हें डिलीट किया जाएगा। यह फीचर धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचाया जा रहा है, इसलिए हो सकता है कि अभी हर किसी को यह तुरंत न दिखे।
एंड्रॉयड यूजर्स के लिए यह टेस्टिंग पहले से ही चल रही थी, लेकिन अब यह आखिरकार iOS पर भी आ रहा है। इससे उन लोगों को काफी राहत मिलेगी, जो लिमिटेड क्लाउड स्टोरेज की समस्या से जूझ रहे हैं।