व्हाट्सऐप में AI चैट पर नहीं मिलता एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन
व्हाट्सऐप ने हाल ही में जानकारी दी है कि उसके आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) असिस्टेंट या दूसरे बॉट्स के साथ होने वाली चैट्स को वही एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन नहीं मिलता, जो आपकी निजी बातचीत को मिलता है।
इसका मतलब है कि जहां आपके दोस्तों और परिवार के साथ हुई बातचीत पूरी तरह से गोपनीय रहती है, वहीं मेटा AI या किसी थर्ड-पार्टी एजेंट से की गई कोई भी बात उस तरह सुरक्षित नहीं होती।
मेटा कर सकता है AI चैट डाटा का इस्तेमाल
मेटा AI आपकी निजी चैट्स को नहीं देख सकता, वे केवल आपको और उस व्यक्ति को दिखती हैं, जिससे आप बात कर रहे हैं, लेकिन अगर, आप किसी AI के साथ चैट शुरू करते हैं तो मेटा उन मैसेजेज का इस्तेमाल अपनी टेक्नोलॉजी को बेहतर बनाने के लिए कर सकता है।
व्हाट्सऐप सलाह देता है कि किसी भी बॉट के साथ सेंसिटिव जानकारी साझा न करें और यूजर्स को यह भी याद दिलाता है कि कभी-कभी AI के जवाब गलत या थोड़े अटपटे हो सकते हैं क्योंकि यह टेक्नोलॉजी अभी सीख रही है।