एंड्रॉयड के नए अपडेट से व्हाट्सऐप यूजर्स को मिलेगा बैकअप पर सीधा कंट्रोल
गूगल ने जून के लिए एंड्रॉयड का अपडेट जारी कर दिया है। इसके साथ यूजर्स को बेहतर परफॉर्मेंस, कई बग फिक्स और कुछ नए फीचर्स मिले हैं, जो फोन, टैबलेट, वियर OS वॉच और गूगल टीवी जैसे सभी डिवाइसों पर लागू होते हैं।
इस अपडेट की सबसे खास बात यह है कि अब यूजर्स अपने फोन की सेटिंग्स से सीधे व्हाट्सऐप बैकअप को मैनेज कर सकते हैं। अब ऐप के भीतर जाकर बैकअप ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
गूगल प्ले स्टोर और सिस्टम में बदलाव
इस अपडेट से गूगल कॉन्टैक्ट्स की सिंक सेटिंग को देखना और बदलना भी आसान हो गया है। इसके अलावा, फोन और स्मार्टवॉच दोनों पर गूगल वॉलेट से जुड़े बग्स को भी ठीक किया गया है। प्ले स्टोर में भी कई अहम बदलाव किए गए हैं, जो यूजर्स 'ट्रस्टेड कंट्रीब्यूटर' प्रोग्राम के लिए योग्य हैं और इसमें हिस्सा लेते हैं, उनके रिव्यूज पर अब एक 'ट्रस्टेड' बैज दिखाई देगा।
इसके साथ ही, 'प्ले लैब्स' नाम से एक नया सेक्शन भी जोड़ा गया है, जहां यूजर्स नए फीचर्स को लॉन्च होने से पहले ही आजमा सकते हैं। पेरेंटल कंट्रोल को भी पिन की मदद से और बेहतर बनाया गया है।
इसी महीने की शुरुआत में गूगल ने 'क्रेडेंशियल एक्सचेंज स्टैंडर्ड' का इस्तेमाल करते हुए गूगल पासवर्ड मैनेजर और थर्ड-पार्टी के पासवर्ड मैनेजर्स के बीच पासवर्ड और पास-की को इंपोर्ट और एक्सपोर्ट करने की सुविधा भी दी थी। साथ ही, 'आस्क प्ले' नाम का एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सर्च टूल भी पेश किया था।