राम चरण की 'RC17' को जल्दबाजी में नहीं बनाएंगे सुकुमार, साफ-साफ कही ये बात
क्या है खबर?
सुपरस्टार राम चरण इन दिनों स्पार्ट्स एक्शन ड्रामा फिल्म 'पेड्डी' की सफलता का जश्न मना रहे हैं। 4 जून को रिलीज हुई यह फिल्म विश्व स्तर पर 300 करोड़ रुपये से ज्यादा कारोबार कर चुकी है। अब फैंस उनकी अगली फिल्म 'RC17' का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिसका निर्देशन अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा फ्रैंचाइजी के निर्देशक' सुकुमार करेंगे। हालांकि निर्देशक फिल्म की पटकथा पर अभी भी काम कर रहे हैं। इसलिए, उन्हें फिल्म बनाने के लिए समय चाहिए।
इंतजार
'RC17' को जल्दबाजी में सेट पर नही ले जाना चाहते सुकुमार
123 तेलुगु के मुताबिक, 'RC17' को सेट पर ले जाने के लिए सुकुमार को अभी थोड़ा समय चाहिए। वह पटकथा के हर पहलू को बारीकी से निखार रहे हैं। इस प्रक्रिया में कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते हैं। यह भी बताया जा रहा है कि वह परियोजना के अगले चरण की घोषणा करने से पहले कहानी को पूरी तरह से तैयार करना चाहते हैं। इस कारण फिल्म का अधिकारिक लॉन्च दशहरा, 2026 के बाद होने की संभावना है।
स्वास्थ्य
राम चरण को मिल जाएगा अतिरिक्त समय
'RC17' की देरी से राम चरण को स्वास्थ्य के लिहाज से फायदा हो सकता है। खबराें के अनुसार, अभिनेता कलाई की चोट से जूझ रहे हैं और फिलहाल अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख रहे हैं। यह अतिरिक्त समय उन्हें किसी अन्य बड़ी फिल्म पर काम शुरू करने से पहले पूरी तरह से स्वस्थ होने में मदद कर सकता है। बता दें, फिल्म 'RC17' का आधिकारिक ऐलान मार्च, 2024 में किया गया था। अन्य कास्ट का ऐलान नहीं हुआ है।