LOADING...
वेस्टइंडीज बनाम श्रीलंका: शमर जोसेफ ने तीसरे टी-20 में लिए 5 विकेट, बनाए ये रिकॉर्ड्स
शमर जोसेफ ने तीसरे टी-20 में लिए 5 विकेट (तस्वीर: एक्स/@windiescricket)

वेस्टइंडीज बनाम श्रीलंका: शमर जोसेफ ने तीसरे टी-20 में लिए 5 विकेट, बनाए ये रिकॉर्ड्स

Jun 15, 2026
11:27 am

क्या है खबर?

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के तीसरे टी-20 मैच को 5 विकेट से जीता। जीत के लिए मिले 170 रन के लक्ष्य को कैरेबियाई टीम ने 19.4 ओवर में हासिल किया। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ने 3 मैचों की सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। तीसरे टी-20 मैच में शमर जोसेफ ने 5 विकेट लिए, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। आइए उनके प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन 

घातक रही जोसेफ की गेंदबाजी 

जोसेफ ने पथुम निसांका (26) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। उन्होंने अपनी अगली ही गेंद पर पवन रत्नायके (0) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस गेंदबाज ने महेश तीक्षाना, दुष्मंथा चमीरा और दुनिथ वेल्लालगे के भी विकेट चटकाए। उन्होंने अपने 4 ओवर में 8.20 की इकॉनमी रेट से 33 रन देते हुए ये सफलताएं हासिल की। उन्होंने अलावा वेस्टइंडीज के 4 अन्य गेंदबाजों ने 1-1 विकेट लिए।

रिकॉर्ड 

श्रीलंका के खिलाफ 5 विकेट लेने वाले वेस्टइंडीज के दूसरे गेंदबाज बने जोसेफ

जोसेफ अब श्रीलंका के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 5 विकेट हॉल लेने वाले वेस्टइंडीज के सिर्फ दूसरे गेंदबाज बने। उनसे पहले ओशाने थॉमस ने 2020 में श्रीलंका के खिलाफ 28 रन देते हुए 5 विकेट लिए थे। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में वेस्टइंडीज की ओर से 9वां, 5 विकेट हॉल है। जोसेफ ने श्रीलंका के खिलाफ 6 पारियों में 14.00 की औसत के साथ 13 विकेट लिए हैं।

Advertisement

करियर 

शानदार है जोसेफ का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर 

जोसेफ ने 2024 में अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अब तक 25 मैच खेले हैं, जिसमें 21.54 की औसत और 9.16 की इकॉनमी रेट के साथ 37 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 33 रन देते हुए 5 विकेट लेना रहा। उन्होंने वेस्टइंडीज की धरती पर अब तक 9 टी-20 खेले हैं, जिसमें 14.57 की औसत और 8.93 की इकॉनमी रेट के साथ 19 विकेट लिए हैं।

Advertisement

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती वेस्टइंडीज की टीम 

पथुम निसांका (26) और कुसल मेंडिस (5) के जल्दी आउट होने के बाद श्रीलंका ने 88 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए। संकट की घड़ी में दुनिथ वेल्लालगे ने 28 गेंदों में 43 रन बनाकर टीम को 169/10 के स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में शाई होप (0) और अकीम ऑगस्ट (1) के आउट होने के बाद शिमरोन हेटमायर (32) ने संघर्ष किया। इसके बाद शेफरेन रदरफोर्ड (54*) और जेसन होल्डर (21*) ने जीत दिलाई।

Advertisement