क्या है यूनिट्री रोबोडॉग? AI समिट में गलगोटिया यूनिवर्सिटी के इस प्रदर्शन से उपजा विवाद
क्या है खबर?
दिल्ली में चल रहे AI समिट के दौरान गलगोटिया यूनिवर्सिटी का प्रदर्शन चर्चा में आ गया है। समिट में एक रोबोट डॉग को नवाचार के रूप में पेश किया गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे। कुछ लोगों ने दावा किया कि यह रोबोट चीन की कंपनी यूनिट्री रोबोटिक्स द्वारा बनाया गया यूनिट्री रोबोडॉग है। आइए जानते हैं यूनिट्री रोबोडॉग क्या है और यह किन कामों के लिए बनाया गया है।
रोबोडॉग
क्या है यूनिट्री रोबोडॉग?
AI समिट में दिखाया गया यूनिट्री रोबोडॉग चीन की कंपनी यूनिट्री रोबोटिक्स द्वारा बनाया गया चार पैरों वाला उन्नत रोबोट है। यह असली कुत्ते की तरह चलने, दौड़ने और संतुलन बनाए रखने में सक्षम है। इसमें कैमरे, सेंसर और स्मार्ट कंट्रोल सिस्टम लगे होते हैं, जो आसपास के माहौल को पहचानने में मदद करते हैं। इसका उपयोग निगरानी, औद्योगिक निरीक्षण, रिसर्च और तकनीकी प्रशिक्षण जैसे कामों में किया जाता है। इसकी शुरुआती कीमत लगभग 2.52 लाख रूपये है।
विशेषताएं
रोबोट की खास तकनीकी विशेषताएं
यह रोबोट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सिस्टम पर काम करता है। यह सीढ़ियां चढ़ सकता है, रुकावटों को पार कर सकता है और असमान सतह पर भी संतुलन बनाए रखता है। इसमें लगे सेंसर और कैमरे आसपास की जानकारी तुरंत इकट्ठा करते हैं। इसे रिमोट से कंट्रोल किया जा सकता है और यह लाइव वीडियो भेज सकता है। यही वजह है कि इसका इस्तेमाल सुरक्षा, रिसर्च और प्रशिक्षण में किया जाता है।
ड्रोन
ड्रोन को लेकर भी सामने आए आरोप
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने एक ड्रोन को खुद बनाने का दावा किया, जबकि लोगों ने बताया की वह ड्रोन स्ट्राइकर V3 ARF मॉडल से मिलता-जुलता है। आरोप लगाया गया कि बाहर से खरीदे गए उपकरण को स्वदेशी तकनीक के रूप में पेश किया गया। लोगों ने कहा कि देश की छवि का इस्तेमाल प्रचार के लिए नहीं होना चाहिए और किसी भी नवाचार के दावे के साथ साफ और ठोस प्रमाण जरूरी हैं।