LOADING...
AI समिट में रोबोट डॉग विवाद पर गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने दी सफाई, जानिए पूरा मामला
रोबोट डॉग विवाद पर गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने दी सफाई (तस्वीर: गलगोटिया यूनिवर्सिटी)

AI समिट में रोबोट डॉग विवाद पर गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने दी सफाई, जानिए पूरा मामला

Feb 18, 2026
10:03 am

क्या है खबर?

दिल्ली में चल रहे AI इम्पैक्ट समिट के दौरान एक रोबोट डॉग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दावा किया गया कि यह रोबोडॉग गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने खुद तैयार किया है। इसके बाद लोगों ने रोबोट और उसकी कीमत पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई यूजर्स ने जांच कर बताया कि यह रोबोट डॉग एक चीनी कंपनी का प्रोडक्ट है। विवाद बढ़ने पर यूनिवर्सिटी को सार्वजनिक रूप से सफाई देनी पड़ी है।

मामला

वीडियो से बढ़ा मामला

वायरल वीडियो में यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर नेहा सिंह रोबोट डॉग को 'ओरियन' नाम से पेश कर रही थीं और कुल AI प्रोजेक्ट पर 350 करोड़ रुपये खर्च होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि इसे यूनिवर्सिटी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने इन-हाउस तैयार किया है। यह भी बताया गया कि रोबोडॉग कैंपस में निगरानी और मॉनिटरिंग जैसे काम कर सकता है। हालांकि, टेक एक्सपर्ट्स ने पहचान लिया कि यह यूनिट्री कंपनी का तैयार मॉडल है, जिससे विवाद और गहरा गया।

सफाई

यूनिवर्सिटी ने दी सफाई

वीडियो वायरल होने पर आलोचनाएं बढ़ने के बाद गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी किया। यूनिवर्सिटी ने कहा कि उन्होंने कभी यह दावा नहीं किया कि रोबोडॉग उन्होंने बनाया है। बयान में साफ किया गया कि रोबोट यूनिट्री कंपनी से खरीदा गया है। इसके साथ ही, कहा गया कि संस्थान का मकसद छात्रों को नई तकनीक से परिचित कराना है, ताकि वे भविष्य में ऐसी तकनीक खुद विकसित कर सकें।

Advertisement

बयान

छात्रों के लिए सीखने का साधन

यूनिवर्सिटी ने एक और पोस्ट में कहा कि यह रोबोडॉग केवल प्रदर्शन के लिए नहीं लाया गया है। इसे छात्रों के लिए एक 'चलती-फिरती क्लासरूम' की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। छात्र इसके फीचर्स समझ रहे हैं, इसके साथ प्रयोग कर रहे हैं और इसकी सीमाएं जांच रहे हैं। संस्थान का कहना है कि चीन, सिंगापुर और अमेरिका जैसी जगहों से नई तकनीक लाकर छात्रों को व्यावहारिक अनुभव दिया जा रहा है।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए पोस्ट

रोबोडॉग

क्या है यूनिट्री रोबोडॉग?

यूनिट्री रोबोडॉग एक चार पैरों वाला एडवांस्ड रोबोट है, जिसे जानवरों की तरह आसानी से चलने के लिए डिजाइन किया गया है। यह आराम से बाधाओं को पार कर सकता है और इंडस्ट्रियल इंस्पेक्शन जैसे कामों में उपयोग होता है। यूनिट्री एक चीनी रोबोटिक्स कंपनी है, जो ऐसे रोबोट अपेक्षाकृत कम कीमत (लगभग 2.52 लाख रूपये) में उपलब्ध कराती है। इसे बोस्टन डायनेमिक्स के स्पॉट जैसे महंगे रोबोट का किफायती विकल्प माना जाता है।

Advertisement