एलन मस्क का AI प्रोजेक्ट मैक्रोहार्ड क्या है? सॉफ्टवेयर इंडस्ट्री में आ सकता है बदलाव
क्या है खबर?
अरबपति एलन मस्क आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में लगातार बड़े कदम उठा रहे हैं। अब उन्होंने अपनी दो कंपनियों टेस्ला और xAI के बीच एक नए जॉइंट प्रोजेक्ट की घोषणा की है। इस प्रोजेक्ट का नाम 'मैक्रोहार्ड' बताया गया है। मस्क का कहना है कि इसका मकसद AI टूल्स की मदद से सॉफ्टवेयर इंडस्ट्री में बड़ा बदलाव लाना है। उन्होंने इस योजना की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए साझा की है।
प्रोजेक्ट
क्या है मैक्रोहार्ड प्रोजेक्ट?
मस्क के अनुसार, मैक्रोहार्ड एक ऐसा AI सिस्टम होगा, जो कई सॉफ्टवेयर कंपनियों जैसे काम कर सकेगा। इसमें xAI का लार्ज लैंग्वेज मॉडल ग्रोक और टेस्ला के बनाए AI एजेंट साथ काम करेंगे। ग्रोक को सोचने और फैसले लेने वाला हिस्सा बताया गया है, जबकि डिजिटल ऑप्टिमस नाम का सिस्टम कंप्यूटर स्क्रीन और यूजर इनपुट को रियल टाइम में समझकर काम करेगा। ये दोनों मिलकर कई डिजिटल काम अपने आप कर सकेंगे।
योजना
निवेश और तकनीक की योजना
मस्क ने बताया कि यह प्रोजेक्ट टेस्ला और xAI के बीच हुए निवेश समझौते का हिस्सा है। टेस्ला ने पहले ही xAI में लगभग 2 अरब डॉलर (लगभग 180 अरब रुपये) निवेश करने का वादा किया था। इस सिस्टम को चलाने के लिए टेस्ला के अपने AI4 चिप का इस्तेमाल किया जाएगा। मस्क का कहना है कि इससे महंगे एनवीडिया GPU पर निर्भरता कम होगी और सिस्टम कम लागत में भी तेजी से काम कर सकेगा।
असर
AI इंडस्ट्री पर असर की उम्मीद
मस्क का मानना है कि मैक्रोहार्ड एक ऐसा रियल टाइम स्मार्ट AI सिस्टम बन सकता है, जो कई तरह के कंप्यूटर काम खुद कर सकेगा। इससे सॉफ्टवेयर कंपनियों के काम करने के तरीके में बदलाव आ सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, एजेंटिक AI पहले ही टेक इंडस्ट्री में नई चर्चा पैदा कर रहा है। ऐसे में मस्क का यह नया प्रोजेक्ट भविष्य में सॉफ्टवेयर बाजार में बड़ा असर डाल सकता है।