LOADING...
टेलीग्राम बैन होने का क्या है मतलब, क्या बिलकुल बंद हो जाएगा ऐप?
यह प्रतिबंध 22 जून तक लागू रहेगा

टेलीग्राम बैन होने का क्या है मतलब, क्या बिलकुल बंद हो जाएगा ऐप?

Jun 16, 2026
12:05 pm

क्या है खबर?

केंद्र सरकार ने NEET की दोबारा होने वाली परीक्षा से पहले लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध 22 जून तक लागू रहेगा। सरकार का कहना है कि यह कदम फर्जी प्रश्नपत्र, गलत जानकारी और पेपर लीक के दावों को फैलने से रोकने के लिए उठाया गया है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि टेलीग्राम पूरी तरह बंद हो जाएगा। सामान्य यूजर्स के लिए ऐप की कई जरूरी सेवाएं पहले की तरह उपलब्ध रहेंगी।

मैसेजिंग

निजी चैटिंग और सामान्य मैसेजिंग जारी रहेगी

इस दौरान यूजर्स अपने दोस्तों, परिवार और परिचित लोगों के साथ सामान्य तरीके से चैट कर सकेंगे। निजी मैसेज भेजने और प्राप्त करने की सुविधा बंद नहीं की गई है। यानी रोजमर्रा के काम, पढ़ाई या व्यक्तिगत बातचीत के लिए टेलीग्राम का इस्तेमाल जारी रहेगा। सरकार की कार्रवाई मुख्य रूप से उन फीचर्स को सीमित करने पर केंद्रित है, जिनका इस्तेमाल बड़ी संख्या में लोगों तक एक साथ संदेश पहुंचाने और अफवाहें फैलाने के लिए किया जा सकता है।

पाबंदी

इन फीचर्स पर रहेगी अस्थायी पाबंदी

प्रतिबंध के दौरान टेलीग्राम यूजर्स बड़ी संख्या में लोगों को एक साथ मैसेज नहीं भेज सकेंगे। इसके अलावा, नए ब्रॉडकास्ट चैनल नहीं बना सकेंगे, नए बड़े ग्रुप नहीं बना सकेंगे और बड़ी संख्या में मैसेजेस को फॉरवर्ड करने की सुविधा भी सीमित रहेगी। सरकार का मानना है कि इन्हीं फीचर्स का इस्तेमाल फर्जी पेपर लीक और भ्रामक जानकारी फैलाने के लिए किया जा रहा था, इसलिए इन्हें अस्थायी रूप से प्रतिबंधित किया गया है।

Advertisement

मैसेज एडिट

30 जून तक मैसेज एडिट नहीं कर सकेंगे

सरकार ने टेलीग्राम को 30 जून तक मैसेज एडिटिंग फीचर बंद रखने का भी निर्देश दिया है। इसका मतलब है कि चैनल एडमिन पहले भेजे गए संदेशों में बदलाव नहीं कर सकेंगे और उनमें नई फाइलें या दस्तावेज भी नहीं जोड़ पाएंगे। कुछ एडमिन कंट्रोल और संदेशों में बदलाव या उन्हें हटाने से जुड़ी सुविधाओं पर भी रोक रहेगी। सरकार का मानना है कि इससे पुराने मैसेज को बदलकर फर्जी पेपर लीक के सबूत बनाने की कोशिशों पर रोक लगेगी।

Advertisement