भारत में टेलीग्राम पर लगा प्रतिबंध, केंद्र सरकार ने NEET परीक्षा के कारण लिया फैसला
क्या है खबर?
टेलीग्राम पर केंद्र सरकार ने अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है। NEET की दोबारा होने वाली परीक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 22 जून तक टेलीग्राम की सेवाओं पर यह प्रतिबंध लगाया है। बताया जा रहा है कि परीक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी और संभावित पेपर लीक जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। 21 जून को NEET की दोबारा परीक्षा होनी है और इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
कार्रवाई
नकली पेपर बेचने वाले चैनलों पर कार्रवाई
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के अनुसार, टेलीग्राम पर "PAPER LEAKED NEET", "Re-NEET 2026" और "Private Mafia" जैसे कई चैनल खुलेआम चल रहे थे। इन टेलीग्राम चैनलों पर छात्रों और उनके परिवारों से परीक्षा का कथित पेपर देने के नाम पर हजारों से लेकर लाखों रुपये तक मांगे जा रहे थे। NTA ने स्पष्ट कहा है कि सुरक्षित परीक्षा प्रणाली के बाहर कोई प्रश्नपत्र मौजूद नहीं है और ऐसे सभी दावे पूरी तरह फर्जी हैं।
फीचर
मैसेज एडिट फीचर पर भी लगाई गई रोक
सरकार ने टेलीग्राम को 30 जून तक अपना मैसेज एडिट फीचर बंद करने का निर्देश भी दिया है। NTA का कहना है कि कुछ लोग पहले सामान्य संदेश पोस्ट कर देते थे और बाद में उसे एडिट करके उसमें प्रश्नपत्र जोड़ देते थे। इसके बाद पुराने टाइमस्टैम्प वाले स्क्रीनशॉट फैलाकर पेपर लीक का दावा किया जाता था। सरकार का मानना है कि इस फीचर पर रोक लगने से इस तरह की फर्जी गतिविधियों को काफी हद तक रोका जा सकेगा।
नेटवर्क
जांच में सामने आया बड़ा नेटवर्क
NTA, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) और राज्य एजेंसियों ने मिलकर कई संदिग्ध चैनलों को बंद कराया है। बिहार पुलिस और अहमदाबाद साइबर क्राइम शाखा की जांच में भी बड़े फर्जी नेटवर्क का पता चला है। जांच एजेंसियों के अनुसार, कुछ मामलों में करीब 1.5 करोड़ रुपये के लेनदेन और लगभग 1,000 मोबाइल नंबरों से संपर्क किए जाने के प्रमाण मिले हैं। NTA ने कहा कि अस्थायी रोक से परीक्षा की सुरक्षा और पारदर्शिता को मजबूत किया जाएगा।