मैकेनिक चुरा न ले आपके फोन का डाटा, सर्विस पर देने से पहले करें यह काम
क्या है खबर?
सर्विस सेंटर स्कैम ने किसी भी सर्विस सेंटर या दुकान पर अपने फोन की मरम्मत कराने को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लापरवाही के कारण आप अपना डाटा किसी को सौंप देते हैं और फोन का सुरक्षा कोड तक शेयर कर देते हैं। सर्विस करने वाला अक्सर आपके फोन का पिन या पासवर्ड पूछता है या उसे हटाने के लिए कहता है। इससे डाटा चोरी होने का खतरा रहता है। आइये जानते हैं इस समस्या से कैसे बचें।
खतरा
क्या रहता है खतरा?
सर्विस सेंटर स्कैम में मरम्मत प्रक्रिया के दौरान संवेदनशील जानकारी तक पहुंच प्राप्त की जा सकती है या उसकी कॉपी बनाई जा सकती है। स्मार्टफोन में तस्वीरें, दस्तावेज, ईमेल, वित्तीय ऐप्स और सेव पासवर्ड होते हैं। जब आप अनलॉक पिन शेयर करते हैं तो तकनीशियनों को ऑपरेटिंग सिस्टम और उसकी फाइल्स तक पूरी पहुंच मिल जाती है। अगर, उचित सुरक्षा उपाय नहीं अपनाए जाते हैं तो कोई भी व्यक्ति आपके डाटा तक आसानी से पहुंच सकता है।
उपाय
बचाव के लिए मिलता है यह मोड
इस जोखिम को कम करने के लिए स्मार्टफोन निर्माताओं ने विशेष सॉफ्टवेयर मोड पेश किए हैं, जो तकनीशियनों को यूजर डाटा तक पहुंच के बिना हार्डवेयर कंपोनेंट्स का परीक्षण करने की अनुमति देते हैं। ये मोड डायग्नोस्टिक जांच को सक्षम रखते हुए व्यक्तिगत फाइल्स और ऐप्स को अस्थायी रूप से छिपा देते हैं। वन UI पर चलने वाले सैमसंग स्मार्टफोन में मेंटेनेंस मोड फीचर दिया है। इसे इनेबल करने पर यह यूजर डाटा छुपा देता है।
सैमसंग
सैमसंग फोन में ऐसे करें इस्तेमाल
सैमसंग स्मार्टफोन में इस फीचर को चालू करने के लिए सेटिंग्स खोलें और डिवाइस केयर पर टैप करें। इसके बाद मेंटेनेंस मोड चुनें और ऑन विकल्प पर टैप करने के बाद डिवाइस को रीस्टार्ट करें। इस फीचर के चालू होने के बाद तकनीशियन फोन के कैमरा, बैटरी, स्पीकर, टचस्क्रीन और कनेक्टिविटी की जांच कर सकते हैं। दूसरी तरफ वह फोन में सेव फोटो, मैसेज या इंस्टॉल किए गए एप्लिकेशन तक नहीं पहुंच पाएगा।
गूगल पिक्सल
गूगल पिक्सल फोन में मिलेगी यह सुविधा
गूगल पिक्सल स्मार्टफोन में रिपेयर मोड चालू करने के लिए सेटिंग्स खोलें और सिस्टम पर टैप करने के बाद रिपेयर मोड चुनकर डिवाइस पिन दर्ज करें और पुष्टि कर रीस्टार्ट करें। यह ऐप्स, अकाउंट्स और सेव फाइल्स तक पहुंच को ब्लॉक कर देता है। ऐपल आईफोन में रिपेयर मोड चालू करने के लिए सेटिंग्स खोलकर जनरल पर टैप कर आईफोन को ट्रांसफर या रीसेट का विकल्प चुनें। प्रिपेयर फोर रिपेयर पर टैप कर स्क्रीन पर दिए निर्देशों का पालन करें।
पुराने फोन
पुराने फोन में करें यह उपाय
अगर, आपका फोन पुराना हो और उसमें ऐसा कोई फीचर न हो, जो सर्विस के दौरान डाटा सुरक्षित रखे तो आपको कुछ दूसरे उपाय करने होंगे। सबसे अच्छा तरीका यह है कि फोन को तकनीशियन को सौंपने से पहले बैकअप लें और फैक्टरी रीसेट करें। फोन से सिम कार्ड और SD कार्ड निकाल लें, ईमेल, बैंकिंग और पेमेंट ऐप्स से लॉग-आउट कर लें और सेव पेमेंट मेथड को डिसेबल कर दें और IMEI नंबर नोट कर रख लें।