चीन में लोकप्रिय हो रहा वीचैट ऐप, सोच-समझकर खरीदारी का मिलता है सुझाव
चीन में 'वॉलेट, प्लीज वेट' नाम का एक नया वीचैट ऐप खूब सुर्खियां बटोर रहा है। यह ऐप जेन-G पीढ़ी के युवाओं में बढ़ रही सोच-समझकर खर्च करने की आदत का हिस्सा बन रहा है।
इस ऐप के जरिए आप अपनी खरीददारी की योजनाएं पोस्ट कर सकते हैं, जिस पर अजनबी लोग ईमानदारी से अपनी राय देते हैं कि आपको वह चीज खरीदनी चाहिए या नहीं।
यह लोगों को कोई भी चीज उत्साह में खरीदने से पहले रुककर सोचने का मौका देता है। अब तक 3 लाख से ज्यादा यूजर्स इस ऐप का हिस्सा बन चुके हैं।
यूजर्स को पसंद आती है खरी-खरी राय
आप जो सामान खरीदना चाहते हैं और उसकी वजह क्या है? यह सारी जानकारी आपको ऐप में भरनी होती है। इसके बाद, कम्युनिटी वोट डालकर तय करती है कि आपको वह चीज खरीदनी चाहिए या नहीं।
यूजर्स का कहना है कि उन्हें अपने दोस्तों या घरवालों की सलाह से ज्यादा अजनबियों से मिली सीधी और निष्पक्ष राय पसंद आती है। जैसा कि एक यूजर जियाओशिन ने बताया कि खरीद की रिक्वेस्ट लिखने की प्रक्रिया ही एक तरह का ठहराव लाती है, जिससे लोग यह सोचने लगते हैं कि क्या उन्हें सच में उस चीज की जरूरत है।
यह ऐप चीन के बड़े 'डबल 11' शॉपिंग फेस्टिवल से ठीक पहले बेहद लोकप्रिय हुआ है। यह युवा खरीदारों को अपनी खर्च करने की आदतों पर फिर से सोचने का एक मजेदार तरीका देता है।