पृथ्वी से एक लाइट-डे दूर पहुंचा वॉयजर-1, साथ ले जा रहा भारत के संगीत की पहचान
क्या है खबर?
नासा का वॉयजर-1 पृथ्वी से एक लाइट-डे की दूरी पार कर चुका है और इसके साथ भारत की आवाज भी अंतरिक्ष में सफर कर रही है। इस यान में एक खास गोल्डन रिकॉर्ड रखा गया है, जिसमें भारत के संगीत, भाषाओं और अभिवादन को भी शामिल किया गया है। यह रिकॉर्ड इंसानों की पहचान और संस्कृति को दूसरी दुनिया तक पहुंचाने की कोशिश है। अब धरती से भेजा गया मैसेज वॉयजर-1 तक पहुंचने में 24 घंटे का समय लेगा।
गोल्डन रिकॉर्ड
गोल्डन रिकॉर्ड में भारत की 10 भाषाओं में मैसेज
इस रिकॉर्ड को गोल्डन रिकॉर्ड कहा जाता है।
इसमें दुनिया के अलग-अलग हिस्सों के संगीत, प्राकृतिक आवाजें, तस्वीरें और 55 भाषाओं में अभिवादन शामिल हैं। भारत की ओर से भी इसमें कई भाषाओं के संदेश रखे गए हैं। बंगाली, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मराठी, उड़िया, पंजाबी, राजस्थानी, तेलुगु और उर्दू में लोगों ने पृथ्वी की ओर से शुभकामनाएं भेजी हैं।
ये मैसेज इंसानों की संस्कृति और रोजमर्रा के जीवन की झलक दिखाते हैं।
गीत
केसरबाई केरकर का गीत भी अंतरिक्ष में जा रहा
गोल्डन रिकॉर्ड में भारतीय शास्त्रीय गायिका केसरबाई केरकर का गीत भी शामिल है।
उन्होंने राग भैरवी में 'जात कहां हो' गाया था, जिसे इस रिकॉर्ड के लिए चुना गया। केसरबाई जयपुर-अतरौली घराने की मशहूर गायिका थीं और उस्ताद अल्लादिया खान से संगीत सीखा था।
उनकी आवाज अब वॉयजर-1 के साथ अंतरिक्ष में दूर तक जा रही है और इस रिकॉर्ड में भारत की संगीत परंपरा को भी जगह मिली है।
योगदान
भारतीय आवाजों को रिकॉर्ड में शामिल कराने में किसका योगदान रहा?
इस रिकॉर्ड में भारतीय आवाजें शामिल कराने में वैज्ञानिक बिशुन खरे की अहम भूमिका थी।
वह कॉर्नेल विश्वविद्यालय में काम करते थे और उन्होंने वहां के भारतीय समुदाय के लोगों से संपर्क कर संदेश रिकॉर्ड करने को कहा। गोल्डन रिकॉर्ड को इस तरह तैयार किया गया है कि भविष्य में कोई दूसरी सभ्यता इसे पाए तो पृथ्वी और लोगों के बारे में जान सके।
वॉयजर-1 इसे चुपचाप अपने साथ लेकर आगे बढ़ रहा है।