रोबोटिक निप्पल-स्पेयरिंग मास्टेक्टॉमी कराने वाली पहली मरीज बनीं विक्की पैन
45 साल की विक्की पैन अमेरिका की पहली शख्स बन गई हैं, जिनकी क्लिनिकल ट्रायल से बाहर रोबोटिक सिंगल-पोर्ट निप्पल-स्पेयरिंग मास्टेक्टॉमी की गई।
यह सर्जरी ओकलैंड के सटर हेल्थ के अल्टा बेट्स समिट मेडिकल सेंटर में हुई। इस सर्जरी की अगुवाई डॉ. रीटा क्वान-फेनबर्ग ने की।
कैरल नाम के दा विंची SP रोबोट की मदद से यह सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी हुई। बता दें कि कैरल नाम ब्रेस्ट कैंसर से अपनी लड़ाई हार चुकी एक महिला की याद में रखा गया है।
पैन इलाज अभी भी जारी
पिछले साल पैन में गंभीर ब्रेस्ट कैंसर का पता चला था। सर्जरी से पहले उन्होंने कीमोथेरेपी और इम्यूनोथेरेपी भी करवाई थी।
रोबोट की सटीकता के कारण केवल एक ही चीरा लगाया गया, जिससे निशान भी कम बने और शरीर का प्राकृतिक आकार भी बरकरार रहा।
डॉ. रीटा क्वान-फेनबर्ग के मुताबिक, इस तकनीक से मरीजों को भावनात्मक रूप से भी जल्दी उबरने में आसानी होती है। पैन बहुत तेजी से ठीक हुईं। 3 सप्ताह के भीतर ही वे अपने परिवार के पास लौट आईं। अब वे रिमिशन में हैं।
हालांकि, उनका इलाज अभी भी जारी है। सटर हेल्थ ने इस घटना को आधुनिक तकनीक और ब्रेस्ट कैंसर के मरीजों की देखभाल दोनों के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है।