स्मृति मंधाना 300 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली सबसे युवा महिला खिलाड़ी बनीं, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज और उपकप्तान स्मृति मंधाना ने इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट के पहले दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (83) खेली। खास बात यह रही कि यह उनका 300वां अंतरराष्ट्रीय मुकबाला रहा। इसके साथ ही वह महिला क्रिकेट में 300 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली सबसे युवा महिला खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने 28 साल और 357 दिन की उम्र में यह कारनामा किया है।
उपलब्धि
मंधाना 300 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाली तीसरी भारतीय महिला खिलाड़ी
मंधाना ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक 9 टेस्ट, 120 वनडे और 171 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। वह हरमनप्रीत कौर और मिताली राज के बाद 300 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली तीसरी भारतीय महिला खिलाड़ी बनी हैं। कुल मिलाकर वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली विश्व की 12वीं महिला क्रिकेटर हैं। मंधाना मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी कर रही थी, लेकिन दुर्भाग्यवश महज 17 रनों से अपना तीसरा टेस्ट शतक पूरा करने से चूक गई।
बयान
मंधाना ने 300वें अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर क्या कहा?
मंधाना को अपने 300वें अंतरराष्ट्रीय मैच के बारे में गुरुवार को ही पता चला था। उन्होंने कहा, "मुझे दरअसल अपने 300वें अंतरराष्ट्रीय मैच के बारे में कल रात ही पता चला। एक खिलाड़ी के तौर पर, आप सभी प्रारूप में खेले गए मैचों का हिसाब नहीं रखते हैं।" मंधाना ने विश्व कप 2017 के फाइनल भी लॉर्ड्स में खेला था। ऐसे में उन्होंने इस प्रतिष्ठित मैदान पर महत्वपूर्ण मुकाम हासिल करने के लिए आभार व्यक्त किया।
आंकड़े
कैसे हैं मंधाना के अंतरराष्ट्रीय आंकड़े?
मंधाना ने अपनी 83 रनों की पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने 9 टेस्ट की 15 पारियों में 51.28 के औसत से 718 रन बनाए हैं। यह उनका चौथा अर्धशतक रहा। वनडे में उन्होंने 120 मैचों में 47.88 के औसत से 5,411 रन बनाए हैं। इसमें 14 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने 171 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 30.25 के औसत से 4,538 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं।