'धमाल 4' के आगे 'अल्फा' ने टेके घुटने, 2 करोड़ कमाने में भी छूटे पसीने
क्या है खबर?
बॉक्स ऑफिस पर इस शुक्रवार यानी 10 जुलाई को अजय देवगन की कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' रिलीज हुई। फिल्म ने सिनेमाघरों में आते ही तहलका मचा दिया है। भले ही फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, लेकिन पहले दिन कमाई के मामले में इसने बाजी मार ली है। आलम ये है कि फिल्म के आगे आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की एक्शन-थ्रिलर 'अल्फा' पूरी तरह पस्त हो गई है। आइए जानें दोनों फिल्मों की कमाई।
कमाई
'धमाल 4' ने पहले दिन कमाए इतने करोड़
'धमाल 4' ने रिलीज के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है। फिल्म ने पहले ही दिन 10 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कॉमेडी फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 13.75 करोड़ रुपये के साथ अपना खाता खोला है। इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी 'धमाल 4' में रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, संजय मिश्रा, रवि किशन, अंजलि आनंद, ईशा गुप्ता और संजीदा शेख भी अहम भूमिका में हैं।
अल्फा
'धमाल 4' की आंधी में उड़ी 'अल्फा'
'धमाल 4' के रिलीज होते ही आलिया भट्ट की स्पाई थ्रिलर 'अल्फा' की कमाई को बड़ा झटका लगा है। पहले हफ्ते में 47.45 करोड़ कमाने वाली ये फिल्म अपने आठवें दिन (दूसरे शुक्रवार) बॉक्स ऑफिस पर पस्त नजर आई। फिल्म आठवें दिन 2 करोड़ भी नहीं कमा सकी और महज 1.65 करोड़ रुपये पर सिमट गई। इसके साथ ही 'अल्फा' का 8 दिनों का कुल कारोबार 49.10 करोड़ रुपये हो गया है।