भारत के रॉकेट अब स्वदेशी चिप्स से भरेंगे उड़ान- अश्विनी वैष्णव
भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। जल्द ही रॉकेटों में देश में ही बने सेमीकंडक्टर्स का इस्तेमाल किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी स्काईरूट एयरोस्पेस के साथ एक बातचीत के बाद दी। यह वही कंपनी है, जिसने भारत का पहला निजी रॉकेट विक्रम-1 बनाया था और उसे सफलतापूर्वक कक्षा में पहुंचाया। वैष्णव ने बताया, "हमारे रॉकेटों के लिए 'मेड इन भारत' चिप्स जल्द ही।"
संस्थापकों ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात
स्काईरूट कंपनी भारतीय हार्डवेयर के इस्तेमाल पर जोर दे रही है। मंत्री का कहना है कि वे ऐसी विश्व-स्तरीय तकनीक बना रहे हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सके।
कंपनी के संस्थापक पवन चंदाना और नागा भरत डाका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उन्होंने प्रधानमंत्री को विक्रम-1 की कामयाबी के बारे में बताया और निजी अंतरिक्ष क्षेत्र में भविष्य के नवाचारों पर भी चर्चा की।
मोदी ने उनके काम की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा, महत्वाकांक्षा और सकारात्मकता भारत के निजी अंतरिक्ष इकोसिस्टम की जीवंत भावना को दिखाती है।