2 साल से छोटे बच्चों को स्क्रीन टाइम का फायदे से ज्यादा नुकसान, शोध में खुलासा
यूनाइटेड किंगडम (UK) का एक नया अध्ययन बताता है कि 2 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए स्क्रीन टाइम फायदे से ज्यादा नुकसान कर सकता है।
शोधकर्ताओं ने पाया है कि इससे बच्चों और उनके माता-पिता के बीच का जुड़ाव कमजोर हो सकता है, भाषा सीखने की रफ्तार धीमी हो सकती है, नींद में दिक्कत आ सकती है और बचपन में मोटापे का खतरा भी बढ़ सकता है।
उनका यह भी कहना है कि जानबूझकर बच्चों को स्क्रीन दिखाना, उन्हें कोई खास फायदा नहीं पहुंचाता, बल्कि इससे नुकसान ही ज्यादा होने की आशंका रहती है।
स्क्रीन गाइडलाइंस को अपडेट करने की अपील
इस अध्ययन को करने वाली टीम ने मांग की है कि सरकार अपनी गाइडलाइंस को अपडेट करे, ताकि माता-पिता को यह गलतफहमी न हो कि छोटे बच्चों के साथ स्क्रीन टाइम बिताना सुरक्षित है।
पूर्व मंत्री एंड्रिया लीड्सॉम ने फैमिली हब्स के जरिए बेहतर मदद और स्पष्ट सलाह देने की बात कही है। शोध टीम ने शुरुआती दिक्कतों को पहचानने के लिए 'बेबी स्क्रीन-टाइम रिस्क असेसमेंट' करने को भी कहा है।
उन्होंने तो टेक कंपनियों से भी अपील की है कि वे किसी भी कंटेंट को 'बेबी-फ्रेंडली' के तौर पर न दिखाएं। शिक्षा विभाग ने बताया, "हमें 5 साल से कम उम्र के बच्चों के माता-पिता के लिए पहली बार ऐसी स्क्रीन टाइम गाइडलाइंस तैयार की हैं, जो इस मुश्किल मुद्दे पर परिवारों को साफ और भरोसेमंद मदद देती हैं।"