UIDAI की अपडेटेड ऐप से एक फोन में 5 आधार का प्रबंधन करना हुआ आसान
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार ऐप में एक बड़ा अपडेट जारी किया है। अब आप एक ही डिवाइस पर 5 अलग-अलग आधार प्रोफाइल रख पाएंगे।
इस 'एक परिवार एक ऐप' पहल के बाद परिवार के सभी सदस्यों के डिजिटल आधार संभालना अब बहुत आसान हो गया है।
इसके लिए अब आपको अलग-अलग डिवाइस इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह अपडेटेड ऐप एंड्रॉयड और iOS दोनों तरह के फोन पर काम करेगा।
ऐप में ऐसे जोड़ सकेंगे परिवार के सदस्य
ऐप में अपना अकाउंट बनाने के लिए आपको अपना आधार नंबर डालना होगा, चेहरे से पहचान (फेस ऑथेंटिकेशन) करनी होगी और 6 अंकों का पिन सेट करना होगा।
एक बार लॉग-इन करने के बाद आप अपने परिवार के 4 और सदस्यों को जोड़ सकते हैं। इसमें नाबालिगों को भी शामिल किया जा सकता है, बशर्ते नामांकन के दौरान उनके रिश्ते की पुष्टि हुई हो।
इस ऐप से आप अपना पता अपडेट कर सकते हैं, ई-आधार डाउनलोड कर सकते हैं, अपनी ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री देख सकते हैं और बायोमेट्रिक्स को लॉक या अनलॉक भी कर सकते हैं।
हालांकि, नाम या लिंग जैसे बदलाव करने के लिए आपको आधार केंद्र पर ही जाना पड़ेगा।