गूगल जेमिनी के मासिक यूजर्स का आंकड़ा एक अरब के पार, जानिए बढ़त की वजह
क्या है खबर?
गूगल के जेमिनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) असिस्टेंट के मासिक यूजर्स की संख्या एक अरब के पार पहुंच गई है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुंदर पिचई ने इसकी जानकारी दी। यह उपलब्धि कंपनी की ओर से अपने AI डिवीजन को पुनर्गठन करने के एक सप्ताह बाद हासिल हुई है। यूजर के मामले में उसकी यह तरक्की ऐसे समय में हुई है, जब उस पर अपने प्रतिद्वंद्वी AI मॉडल के साथ बराबरी बनाए रखने का दबाव है।
वजह
इस कारण बढ़े जेमिनी के यूजर
पिचई ने कहा कि जेमिनी, गूगल का सबसे तेजी से बढ़ने वाला उत्पाद है और अब यह कंपनी का 14वां ऐसा उत्पाद बन गया है, जिसके यूजर्स की संख्या एक अरब तक पहुंच गई है।
यह आंकड़ा उसने अपने इकोसिस्टम में जेमिनी ऐप का इस्तेमाल करने वाले लोगों के आधार पर निकाला है।
इस उपलब्धि से कंपनी को बड़ा यूजर बेस मिला है और यह ऐसे समय में हुआ है, जब कंपनी अपने AI परिचालन में बदलाव कर रही है।
प्रतिस्पर्धा
प्रतिस्पर्धा में गूगल को इस कारण मिला फायदा
प्रतिद्वंद्वी कंपनियां लगातार नए मॉडल लॉन्च कर रही हैं। कोडिंग और अन्य एडवांस्ड काम प्रतिस्पर्धा के अहम हिस्से बन गए हैं।
इसके बावजूद, गूगल को अपने मौजूदा इकोसिस्टम का फायदा मिलता है, जहां जेमिनी को सर्च, जीमेल, गूगल मैप्स और यूट्यूब जैसे उत्पादों के साथ इंटीग्रेट किया जा सकता है।
दूसरी तरफ, सेंसर टावर के अनुसार, साल की पहली छमाही में AI असिस्टेंट बाजार में ChatGPT की हिस्सेदारी 50 फीसदी से नीचे गिर गई है।