Loading...
एन चंद्रशेखरन ने टाटा संस के चेयरमैन पद से दिया इस्तीफा
टाटा संस के चेयरमैन पद से एन चंद्रशेखरन ने इस्तीफा दिया

एन चंद्रशेखरन ने टाटा संस के चेयरमैन पद से दिया इस्तीफा

Aug 12, 2026
11:29 am

क्या है खबर?

टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने आज (12 अगस्त) अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। CNBC TV18 की रिपोर्ट के अनुसार, इस्तीफे के बाद भी वह अपने मौजूदा कार्यकाल के खत्म होने तक चेयरमैन बने रहेंगे और इसके बाद दोबारा नियुक्ति नहीं लेंगे। उनका इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब टाटा संस में उनके अगले कार्यकाल को लेकर कई महीनों से फैसला टल रहा था। इस घटनाक्रम से समूह के भविष्य को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

फैसला

फरवरी में टल गया था दोबारा नियुक्ति का फैसला

टाटा संस के बोर्ड ने फरवरी में चंद्रशेखरन को तीसरी बार चेयरमैन बनाने का फैसला टाल दिया था।

रॉयटर्स के मुताबिक, टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने उनकी दोबारा नियुक्ति को लेकर कुछ शर्तें रखी थीं। इनमें टाटा संस को सूचीबद्ध न करने, कर्ज और नई परियोजनाओं से जुड़े मामलों पर ध्यान देने जैसे मुद्दे शामिल थे।

उनका मौजूदा कार्यकाल फरवरी, 2027 में खत्म होना है। इसी वजह से उनके अगले कार्यकाल को लेकर स्थिति साफ नहीं थी।

सफर

टाटा के साथ चंद्रशेखरन का सफर

चंद्रशेखरन 1987 में टाटा ग्रुप से जुड़े थे और 2009 में TCS के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बने।

इसके बाद 2017 में उन्हें टाटा संस का चेयरमैन बनाया गया। वह टाटा ग्रुप के पहले ऐसे चेयरमैन थे, जो टाटा परिवार के संस्थापक या उत्तराधिकारी नहीं थे और जिन्हें रतन टाटा ने चुना था।

उनके नेतृत्व में समूह ने सेमीकंडक्टर और कई तकनीकी परियोजनाओं में बड़े निवेश किए। उनके कार्यकाल में समूह ने कई नए कारोबारी क्षेत्रों पर भी जोर दिया।

ADVERTISEMENT

शेयर

इस्तीफे की खबर से टाटा शेयरों में गिरावट

चंद्रशेखरन के इस्तीफे की खबर के बाद बुधवार को टाटा ग्रुप की कई कंपनियों के शेयरों में दबाव देखने को मिला।

शेयर बाजार में TCS का शेयर करीब 4 प्रतिशत तक गिरा, जबकि टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयर क्रमशः करीब 2.55 प्रतिशत और 1.61 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहे थे।

टाटा संस की नेतृत्व व्यवस्था में आने वाले बदलाव को लेकर निवेशकों की नजर अब आगे की घोषणा पर रहेगी।

ADVERTISEMENT