UCSF के रोबोट ने सूअर के पित्ताशय की सफलता से की सर्जरी
यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया सैन फ्रांसिस्को (UCSF) के नए ह्यूमनॉइड सर्जिकल रोबोट 'सर्जी' ने एक नया इतिहास रच दिया है।
इसने जीवित सूअरों के पित्ताशय की सर्जरी सफलतापूर्वक की है। यह पहला मौका है, जब किसी इंसान जैसे दिखने वाले रोबोट ने जीवित प्राणियों पर ऑपरेशन किया हो।
इस कदम से रोबोटिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़े बदलाव की उम्मीद जग गई है।
सर्जन की निगरानी में करता है काम
सर्जी पुराने सर्जिकल रोबोट्स से काफी अलग है। इसके इंसानी हाथों की बनावट ऐसी है कि यह ऑपरेशन थिएटर में इस्तेमाल होने वाले आम औजारों का भी उपयोग कर सकता है।
टेस्टिंग के दौरान, इसने या तो खुद सर्जनों की निगरानी में काम किया या फिर दूसरे रोबोट के सहायक के तौर पर मदद की।
शोधकर्ताओं का कहना है कि सर्जी हमेशा इंसानों की देखरेख में ही काम करता है। इसका मुख्य उद्देश्य सर्जनों की क्षमता बढ़ाना है, न कि उनकी जगह लेना।
सर्जन की कमी वाली जगहों पर होगा उपयोगी
भले ही यह अभी अपने शुरुआती दौर में है, फिर भी सर्जी उन जगहों पर सर्जरी की सुविधा पहुंचा सकता है, जहां चिकित्सक आसानी से नहीं मिल पाते।
इसमें आपदा ग्रस्त इलाके, ग्रामीण अस्पताल और भविष्य के अंतरिक्ष मिशन भी शामिल हैं। इसकी रिमोट वायरलेस तकनीक से सर्जन दूर बैठकर भी रोबोट के हर मूवमेंट को बेहद सटीकता से नियंत्रित कर सकते हैं।
इससे किसी भी जगह पर आधुनिक और बेहतर इलाज उपलब्ध कराना संभव हो पाएगा।