AI की रेस में अमेरिका अभी भी आगे, चीन भी लगा रहा छलांग
ग्लोबलआर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दौड़ में अमेरिका अभी भी सबसे आगे चल रहा है। इसकी मुख्य वजह है रिसर्च और डेवलपमेंट में उसकी शानदार तरक्की और एनवीडिया, गूगल, अमेजन जैसी बड़ी कंपनियों की दमदार तकनीक है।
उनके एडवांस्ड AI मॉडल साइबर सुरक्षा और वैज्ञानिक खोज जैसे अहम कामों के लिए बेहद खास हैं। हालांकि, चीन भी तेजी से इस फासले को कम करने में जुटा है। वह हर साल बेहतर और बहुत सस्ते AI मॉडल बाजार में उतार रहा है।
चीनी मॉडल हर टोकन पर 50 गुना सस्ते
अलीबाबा और डीपसीक जैसी चीनी कंपनियां ऐसे AI मॉडल बना रही हैं, जो अमेरिकी मॉडल के मुकाबले प्रति टोकन 50 गुना तक सस्ते हैं। जिन बिजनेस को अपने बजट का खास ध्यान रखना होता है, उनके लिए ये काफी लुभावने साबित हो रहे हैं।
जेपी मॉर्गन की एक रिपोर्ट बताती है कि कुछ चीनी मॉडल का प्रदर्शन अमेरिकी मॉडल के बराबर पहुंच सकता है। इससे AI बाजार में प्रतिस्पर्धा और भी कड़ी हो जाएगी क्योंकि अब ज्यादा से ज्यादा कंपनियां इन किफायती समाधानों को अपना रही हैं।