रियलमी इंडिया के CEO माइकल गुओ ने दिया इस्तीफा, जानिए वजह
क्या है खबर?
रियलमी इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) माइकल गुओ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, उनका इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब कंपनी बड़े स्तर पर पुनर्गठन की प्रक्रिया से गुजर रही है। रियलमी ने बताया कि माइकल गुओ ने स्वास्थ्य कारणों से पद छोड़ा है। कंपनी ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि रियलमी ग्लोबल के उपाध्यक्ष चेस जू अब भारत के कारोबार की देखरेख करेंगे।
एकीकरण
ओप्पो और वनप्लस के साथ होगा बड़ा एकीकरण
रियलमी अब धीरे-धीरे एक स्वतंत्र स्मार्टफोन ब्रांड के बजाय ओप्पो के बड़े ढांचे के तहत एक प्रोडक्ट सीरीज के रूप में काम कर सकता है। यह बदलाव इस साल दिवाली के बाद पूरी तरह लागू होने की उम्मीद है। चीन में पहले ही ओप्पो, वनप्लस और रियलमी को एक साझा बिजनेस यूनिट के तहत लाया जा चुका है। भारत में भी अब इसी तरह का ढांचा तैयार किया जा रहा है।
असर
कर्मचारियों और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क पर पड़ेगा असर
इस पुनर्गठन का असर कर्मचारियों और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क पर भी पड़ेगा। रियलमी के मौजूदा डिस्ट्रीब्यूटरों को ओप्पो के नेटवर्क में शामिल होने और दोनों ब्रांड के उत्पाद संभालने का विकल्प दिया जा सकता है। वहीं, जिन विभागों में एक जैसे पद हैं, वहां कर्मचारियों की संख्या कम की जा सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले महीने करीब 25 कर्मचारियों ने कंपनी छोड़ी और कई विभागों में बदलाव की प्रक्रिया जारी है।
रियलमी
रेडमी को टक्कर देने के लिए हुई थी शुरुआत
रियलमी की शुरुआत वर्ष 2018 में ओप्पो के सब-ब्रांड के रूप में हुई थी। इसे शाओमी के रेडमी ब्रांड को टक्कर देने के लिए लॉन्च किया गया था। बाद में इसे एक अलग इकाई के रूप में विकसित किया गया। भारत में कंपनी के परिचालन ढांचे में पिछले कुछ वर्षों में कई बदलाव हुए हैं। सप्लाई और कंपोनेंट की चुनौतियों के बीच यह नया पुनर्गठन ओप्पो समूह को संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने में मदद कर सकता है।