LOADING...
महिला टी-20 विश्व कप 2026: भारत बनाम बांग्लादेश मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
बांग्लादेश के खिलाफ जीत दर्ज करना चाहेगी भारतीय टीम (तस्वीर: एक्स/@BCCIWomen)

महिला टी-20 विश्व कप 2026: भारत बनाम बांग्लादेश मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी

Jun 24, 2026
11:29 am

क्या है खबर?

भारतीय महिला क्रिकेट टीम को टी-20 विश्व कप 2026 में अपने अगले मुकाबले में बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम से 25 जून को भिड़ना है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम को अपने पिछले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में भारतीय टीम को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए हर हाल में अगला मैच जीतना होगा। आइए मुकाबले का प्रीव्यू और महत्वपूर्ण बातों पर नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड

भारत का पलड़ा रहा है भारी 

दोनों टीमों के बीच 23 टी-20 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 20 में भारत को जीत मिली है और 3 में हार का सामना किया है। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ सर्वोच्च स्कोर 163 रन बनाया है। टी-20 विश्व कप में अब तक दोनों टीमों का 3 मौकों पर आमना-सामना हुआ है और सभी में भारतीय टीम जीती है। ऐसे में भारतीय टीम अपने दबदबे को बरकरार रखने का प्रयास करेगी।

भारत 

इस संयोजन के साथ उतर सकती है भारतीय टीम

भारतीय टीम अपने पिछले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 159 रन के लक्ष्य का बचाव करने में असफल रही थी। ऐसे में भारतीय टीम अपनी गेंदबाजी में सुधार की उम्मीद करेगी। जेमिमा रोड्रिगेज ने दोनों पारियों में निराश किया है। वह फॉर्म में वापसी करना चाहेगी। संभावित एकादश: स्मृति मंधाना, शफाली वर्मा, यस्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिगेज, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), रिचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, श्री चरणी, और नंदनी शर्मा।

Advertisement

बांग्लादेश 

इस संयोजन के साथ उतर सकती है बांग्लादेश

बांग्लादेश ने अपने पिछले मैच में पाकिस्तान को 23 रन से हराया था। पिछले मुकाबले में बांग्लादेश ने पहले खेलते हुए 123/6 का स्कोर बनाया था और जवाब में पाकिस्तानी टीम 100/8 का स्कोर ही बना सकी थी। ऐसे में बांग्लादेशी गेंदबाज एक बार फिर अपने प्रदर्शन को दोहराना चाहेंगे। संभावित एकादश: जुआरिया फिरदौस, दिलारा अख्तर, शर्मिन अख्तर, निगार सुल्ताना (कप्तान/विकेटकीपर), सोभाना मोस्तारी, शोर्ना अख्तर, रितु मोनी, नाहिदा अख्तर, राबेया खान, शंजिदा अख्तर मेघला, और मारूफा अख्तर।

Advertisement

पिच 

कैसा रहता है ओल्ड ट्रैफर्ड की पिच का मिजाज?

मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम की पिच टी-20 मैचों के लिए आम तौर पर संतुलित और तेज गेंदबाजों के अनुकूल मानी जाती है। पिच की सख्त सतह और अच्छी उछाल के कारण नई गेंद से तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है। हालांकि, पिच पर जमने के बाद रन बनाना आसान हो जाता है। यहां की आउटफील्ड बहुत तेज होने के कारण चौके-छक्के लगाना आसान होता है। ऐसे में गेंद और बल्ले के बीच रोचक मुकाबला होने की उम्मीद है।

जानकारी

कैसा रहा मौसम का मिजाज?

एक्यूवेदर के अनुसार, 25 जून को मैनचेस्टर का मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 21 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश होने की बेहद कम संभावना है। बीच-बीच में बादल छाए रहेंगे।

प्रदर्शन 

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें

मंधाना ने 3 पारियों में 53.00 की औसत और 154.36 की स्ट्राइक रेट के साथ 159 रन बनाए हैं। बांग्लादेश की शंजिदा अख्तर मेघला ने 2 पारियों में 6.25 की इकॉनमी रेट के साथ 4 विकेट चटकाए हैं। भारतीय स्पिनर श्री चरणी ने 3 पारियों में 6.40 की औसत के साथ 10 विकेट लिए हैं। वह फिलहाल मौजूदा संस्करण में सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाली गेंदबाज है।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला?

भारत और बांग्लादेश के बीच ये मुकाबला 25 जून को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रेडर्फ स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इसका सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement