अमेरिकी सरकार ने मेटा से की खास AI सिस्टम की जांच की मांग
अमेरिकी सरकार ने फेसबुक और व्हाट्सऐप की मूल कंपनी मेटा से उसके खास आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम की जांच करने की अनुमति मांगी है।
यह मांग देश की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के चलते की गई है। सरकार ने मेटा को कुछ गोपनीय ईमेल भेजे हैं, जिनमें इन AI मॉडल्स को आम जनता के लिए जारी करने से पहले उनके संभावित खतरों की जांच करने की बात कही गई है।
बाकी कंपनियां दे चुकी हैं जांच की अनुमति
मेटा फिलहाल इकलौती बड़ी अमेरिकी AI कंपनी है, जो अब तक इस सरकारी जांच कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बनी है। कंपनी के 'म्यूज स्पार्क' मॉडल, जिसे इस साल की शुरुआत में पेश किया गया था, उसे लेकर बातचीत अभी जारी है।
कंपनी का कहना है कि वह अमेरिका में सुरक्षित AI के पक्ष में है और जल्द ही किसी समझौते पर पहुंचने की उम्मीद कर रही है। दूसरी ओर, OpenAI, गूगल डीपमाइंड, माइक्रोसॉफ्ट, एंथ्रोपिक और xAI जैसी बड़ी कंपनियां पहले ही सरकार के साथ अपनी नई AI तकनीक साझा करने पर सहमत हो चुकी हैं। यह पहल साइबर हमलों, गलत जानकारी के प्रसार और AI के सैन्य दुरुपयोग को रोकने के प्रयासों का हिस्सा है।