12 जुलाई को आसमान में बहुत करीब दिखेंगे चांद, मंगल, शनि और यूरेनस
आसमान में 12 जुलाई को ग्रहों की परेड का एक अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। सूर्योदय से ठीक पहले पूर्व दिशा में चांद, मंगल, शनि और यूरेनस एक सीधी कतार में दिखाई देंगे।
नासा के मुताबिक, घटते चांद की वजह से आप इन ग्रहों को आसानी से देख पाएंगे। मंगल और शनि इतने चमकदार हैं कि उन्हें आप बिना किसी उपकरण के ही अपनी आंखों से देख सकते हैं, लेकिन कम चमक वाले यूरेनस को देखने के लिए आपको दूरबीन या टेलीस्कोप का सहारा लेना पड़ेगा।
क्या होती है ग्रहों की परेड?
ग्रहों की परेड उस घटना को कहते हैं, जब धरती से देखने पर कई ग्रह एक-दूसरे के बेहद करीब नजर आते हैं। तारों और ग्रहों को निहारने वालों के लिए यह एक बेहद शानदार नजारा होता है।
मंगल, शनि, यूरेनस और चांद का ऐसा संगम बहुत कम देखने को मिलता है। इसलिए, आप इस अनोखे नजारे को अपनी आंखों से देखना चाहते हैं तो सुबह जल्दी उठने का अलार्म लगाना मत भूलिएगा।