सरकार 29 जून को लॉन्च करेगी आरोग्य सेतु 2.0, डिजिटल स्वास्थ्य सेवा होगी बेहतर
सरकार 29 जून को नई दिल्ली में स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की अगुवाई में एक कार्यक्रम के दौरान आरोग्य सेतु 2.0 और कई नई डिजिटल स्वास्थ्य पहल शुरू करेगी।
यह पहलें आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का हिस्सा हैं, जिसका मकसद पूरे देश में स्वास्थ्य सेवाओं को आपस में जोड़ना और आम लोगों के लिए उन्हें ज्यादा आसान बनाना है।
ऐप में मिलती हैं ये सुविधाएं
आरोग्य सेतु अब केवल कोविड-19 तक ही सीमित नहीं है। यह ऐप अब आपकी सेहत से जुड़ी सभी जरूरतों के लिए एक ही जगह बन गया है।
इसकी मदद से आप अपना डिजिटल हेल्थ अकाउंट (ABHA) बना सकते हैं, अपने मेडिकल रिकॉर्ड देख सकते हैं, OPD अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं और अस्पताल के बिल भी भर सकते हैं।
यही नहीं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से मिलने वाली स्वास्थ्य सलाह ले सकते हैं, वियरेबल डिवाइस जोड़ सकते हैं, परिवार के सदस्यों की सेहत की जानकारी संभाल सकते हैं और अपने आस-पास के अस्पताल भी खोज सकते हैं।
आयुष्मान सारथी पहल की होगी शुरुआत
इस अपग्रेड के साथ ही कई और नई पहलें भी शुरू की जा रही हैं। इनमें आयुष्मान सारथी शामिल है, जो प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) लाभार्थियों के लिए एक व्हाट्सऐप चैटबॉट है।
इसके अलावा, नेशनल हेल्थ क्लेम एक्सचेंज भी आ रहा है, जो इंश्योरेंस क्लेम को तेजी से निपटाने में मदद करेगा। ड्रग रजिस्ट्री और मानक लैब कोड जैसे नए टूल भी आएंगे, ताकि पूरे देश में स्वास्थ्य संबंधी डाटा एक समान और व्यवस्थित हो सके।