भारतजेन करेगी वैश्विक AI प्रोजेक्ट टेपेस्ट्री में भारत की अगुवाई
सरकारी समर्थन वाली आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी भारतजेन अब वैश्विक 'प्रोजेक्ट टेपेस्ट्री' में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। AI एलायंस ने इस नए प्रोजेक्ट का ऐलान किया है।
इसका मकसद है दुनियाभर के देशों को साथ लाकर बेहतर मॉडल बनाना, साथ ही यह भी सुनिश्चित करना कि हर देश का अपने डाटा पर पूरा नियंत्रण बना रहे। इस कदम से भारतजेन अंतरराष्ट्रीय AI प्रयासों के केंद्र में आ गया है।
कंपनी को मिला 988.6 करोड़ रुपये का निवेश
प्रोजेक्ट टेपेस्ट्री में अमेरिका, जापान, फ्रांस और अब भारत की टीमें एक साथ मिलकर काम करेंगी। इसका मुख्य उद्देश्य अगली जनरेशन के AI मॉडल विकसित करना है, लेकिन इस बात का खास ध्यान रखा जाएगा कि कोई भी देश अपनी तकनीकी स्वतंत्रता से समझौता न करे।
भारतजेन को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे और इंडिया AI मिशन का पूरा समर्थन मिला है। कंपनी को 988.6 करोड़ रुपये की बड़ी फंडिंग भी मिली है। इस पैसे का इस्तेमाल 22 भारतीय भाषाओं के लिए AI लैंग्वेज मॉडल तैयार करने, स्वास्थ्य और कृषि जैसे अहम क्षेत्रों में AI तकनीक को लागू करने के लिए किया जाएगा।
AI एलायंस के मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार और AMI लैब्स के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. यैन लेकन ने इस प्रोजेक्ट के बारे में बताया कि यह खुलेपन और सहयोगात्मक विकास पर आधारित है। उनका मानना है कि इससे हर देश को अपना डिजिटल भविष्य खुद तय करने का अवसर मिलेगा।