NEET परीक्षा फिर विवादों में, नागपुर के छात्र को मिला अबू धाबी में परीक्षा केंद्र
क्या है खबर?
21 जून को देशभर में NEET की दोबारा परीक्षा हो रही है। इस बीच फिर विवाद सामने आए हैं। ताजा मामला नागपुर से है। यहां के एक छात्र को NEET करवाने वाली राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने अबू धाबी का परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया है। इस छात्र का नाम अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब है। छात्र ने नागपुर में परीक्षा देने का विकल्प चुना था, लेकिन प्रवेश पत्र में अबू धाबी स्थित परीक्षा केंद्र का उल्लेख था।
मामला
पिता बोले- परिवार सदमे में
अब्दुल्ला ने आवेदन में नागपुर, वर्धा और भंडारा को अपने पसंदीदा परीक्षा केंद्र के रूप में चुना था। आज तक से बात करते हुए अब्दुल्ला के पिता ने बताया कि केंद्र का पता चलने पर परिवार सदमे में था। उन्होंने कहा, "आवेदन जमा करते समय हमने नागपुर और उसके आसपास के केंद्रों का सावधानीपूर्वक चयन किया था। समझ नहीं आ रहा कि इसके बजाय एक विदेशी परीक्षा केंद्र कैसे आवंटित कर दिया गया।"
NTA
NTA ने दिया सुधार का आश्वासन
गलती का पता चलने के बाद, छात्र के माता-पिता ने तुरंत एनटीए हेल्पलाइन से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। परिवार के अनुसार, NTA अधिकारियों ने तकनीकी गड़बड़ी की बात स्वीकार की और उन्हें आश्वासन दिया कि सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, NTA के DG अभिषेक सिंह ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि यह मामला सुलझा लिया गया है और अब छात्र को नागपुर में केंद्र आवंटित कर दिया गया है।