शाहिद कपूर की 'कॉकटेल 2' ने आते ही किया बॉक्स ऑफिस पर कब्जा, की छप्परफाड़ कमाई
क्या है खबर?
शाहिद कपूर, कृति सैनन और रश्मिका मंदाना की फिल्म 'कॉकटेल 2' आखिरकार 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। बॉक्स ऑफिस पर पहले से ही 'मैं वापस आऊंगा', 'गवर्नर' और 'भारत भाग्य विधाता' जैसी फिल्में मौजूद थीं, जो महज 1 हफ्ते पहले ही रिलीज हुई थीं। इन सबके बीच सिनेमाघरों में उतरने के बावजूद 'कॉकटेल 2' ने बॉक्स ऑफिस पर आते ही तहलका मचा दिया है। आइए जानें फिल्म की पहले दिन की कमाई।
कमाई
'कॉकटेल 2' ने पार किया डबल-डिजिट का आंकड़ा
'कॉकटेल 2' ने न सिर्फ शानदार शुरुआत की है, बल्कि घरेलू कमाई के मामले में इसने अपनी पिछली ओरिजनल फिल्म (कॉकटेल) की पहले दिन की कमाई को भी पीछे छोड़ दिया है। इस फिल्म ने आसानी से बॉक्स ऑफिस पर दहाई का आंकड़ा पार कर लिया है। 'कॉकटेल' ने भारत में 10.47 करोड़ के साथ शुरुआत की थी, वहींसैकनिल्क के मुताबिक, 'कॉकटेल 2' ने अपनी रिलीज के पहले दिन यानी शुक्रवार को भारत में 13.50 करोड़ रुपये कमाए हैं।
उपलब्धि
'ओ' रोमियो' को पछाड़कर बनाई टॉप 5 में जगह
'कॉकटेल 2' ने पहले दिन 13.50 करोड़ की कमाई के साथ भारत में 2026 की चौथी सबसे बड़ी बॉलीवुड ओपनिंग दर्ज की। इसके साथ शाहिद कपूर ने अपनी पिछली फिल्म 'ओ' रोमियो' का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जिसने पहले दिन 9.01 करोड़ रुपये कमाए थे। 2026 की सबसे बड़ी बॉलीवुड ओपनिंग फिल्मों में पहले स्थान पर 'धुरंधर' (145 करोड़), दूसरे पर 'बॉर्डर 2' (32.1 करोड़), तीसरे पर 'भूत बंगला' (18.31 करोड़) और चौथे स्थान पर 'कॉकटेल 2' (13.50 करोड़) है।
फिल्म
'कॉकटेल 2' में कृति की एक्टिंग ने जीता दिल
'कॉकटेल 2' की कहानी आज के दौर के युवाओं के उलझे हुए रिश्तों, प्यार और गहरी दोस्ती के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है। हालांकि, फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से कुछ खास प्रतिक्रिया नहीं मिली। फिल्म का पहला शो देख सिनेमाघरों से निकले दर्शकों ने इसे औसत फिल्म करार दिया। फिल्म में खासतौर से कृति की एक्टिंग और अंदाज की तारीफ हुई। बता दें कि दिनेश विजान और लव रंजन फिल्म के निर्माता हैं।