ब्लू ओरिजन के रॉकेट फटने से अमेजन के सैटेलाइट्स लॉन्च को लगा झटका
ब्लू ओरिजन का न्यू ग्लेन रॉकेट पिछले दिनों एक परीक्षण के दौरान फट गया। इससे लॉन्च पैड और एक बूस्टर नष्ट हो गए। इस हादसे के कारण रॉकेट की लॉन्चिंग में कम से कम 6 महीने की देरी हो सकती है।
इसका सीधा असर अमेजन के उस बड़े प्लान पर पड़ेगा, जिसके तहत उसे हजारों इंटरनेट सैटेलाइट्स को ऑर्बिट में भेजना है। इतना ही नहीं नासा के आने वाले चंद्रमा मिशन भी इसकी वजह से प्रभावित हो सकते हैं।
स्पेस-X की तरफ जा सकती है अमेजन
अमेजन के लिए अब जुलाई तक अपने सैटेलाइट नेटवर्क का आधा हिस्सा ऑर्बिट में भेजना एक बड़ी चुनौती बन गया है। इस तय समय सीमा को पूरा करना उनके लिए मुश्किल हो सकता है।
इस चुनौती से निपटने के लिए कंपनी स्पेस-X की तरफ जा सकती है। हालांकि, एलन मस्क की कंपनी के रॉकेट न्यू ग्लेन जितने विशाल नहीं हैं, ऐसे में उसे अपनी आधी सैटेलाइट्स लॉन्च करने के लिए कई उड़ानें भरनी पड़ेंगी।
इस देरी का असर ब्लू ओरिजन के चंद्रमा लैंडर मिशन और नासा के आर्टेमिस प्रोग्राम के कुछ हिस्सों पर भी पड़ेगा। नासा फिलहाल, यह जानने की कोशिश कर रहा है कि इस घटना से उसके तय कार्यक्रमों पर कितना प्रभाव पड़ेगा।