चीनी कंपनियों ने उतारे एजेंटिक AI फोन, ऐपल ने भी खेला दांव
चीन की दिग्गज टेक कंपनियां ZTE, हॉनर और स्टेपफन ने अब नई जनरेशन के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्मार्टफोन बाजार में उतारे हैं।
ये फोन खुद ही कई काम निपटा सकते हैं, यानि आपको बार-बार एक से दूसरे ऐप पर स्विच करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
एजेंटिक AI फोन की यह नई तकनीक ऐपल के लिए भी एक बड़ी चुनौती बन रही है। इसी वजह से ऐपल ने भी इस दौड़ में पीछे न रहने के लिए अलीबाबा और बाइडू जैसी दिग्गज कंपनियों के साथ साझेदारी की है।
ZTE ने पेश किया नेविक्स अल्ट्रा
ZTE ने हाल ही में अपना नेविक्स अल्ट्रा स्मार्टफोन लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि यह दुनिया का पहला ऐसा स्मार्टफोन है, जो पूरी तरह से एजेंटिक AI पर आधारित है।
इसमें बाइटडांस का डोबाओ असिस्टेंट दिया गया है, जिसकी मदद से आप अपनी आवाज से या कुछ खास बटन दबाकर अपने काम आसानी से पूरे कर सकते हैं।
दूसरी ओर, स्टेपफन ने भी अपना स्मार्टफोन पेश किया है, जिसमें उसका अपना ऑपरेटिंग सिस्टम (OS) और एमू नाम का AI असिस्टेंट पहले से इनस्टॉल्ड है।
हॉनर भी जल्द ही अपने AI-ऑप्टिमाइज्ड स्मार्टफोन बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है। इस तरह, अब और भी स्मार्ट और ज्यादा स्वतंत्र फोन बनाने की दौड़ तेज हो गई है।