वैज्ञानिकों ने खोजा 20-मीटर लंबा और अनोखी गर्दन वाला डायनासोर
थाईलैंड के जीवाश्म वैज्ञानिकों ने एक नई और अहम खोज की है। उन्होंने कलिसिन प्रांत के फु नोई इलाके में उरागासोरस कालिसानेन्सिस नाम का एक नया डायनासोर ढूंढ निकाला है।
यह डायनासोर करीब 15 करोड साल पहले धरती पर रहता था और इसकी गर्दन बहुत लंबी थी। यह उन खास डायनासोरों केमैमंचिसॉरिडे परिवार से है, जिन्हें लंबी गर्दन वाले डायनासोरों का 'लॉन्ग-नेक स्क्वॉड' भी कहा जाता है।
दूसरे डायनासोर से अलग हैं उरागासोरस की खासियतें
उरागासोरस की लंबाई लगभग 20-मीटर तक थी। इसकी गर्दन में 17 से 19 कशेरुकाएं मिली हैं, जो अपने जैसे ज्यादातर डायनासोरों से कहीं ज्यादा थीं।
इसकी हड्डियों में हवा से भरी खाली जगहें थीं, जिसकी वजह से इसकी भारी-भरकम गर्दन हल्की रहती थी और इसे हिलाना-डुलाना आसान होता था।
मुख्य शोधकर्ता डाॅ. अपिरत निल्फानाफान बताते हैं कि इस डायनासोर की कुछ खासियतें दुनिया के किसी भी दूसरे डायनासोर से अलग हैं।
इससे वैज्ञानिकों को यह समझने में नए सुराग मिल रहे हैं कि ये प्राचीन जीव कैसे विकसित हुए। सबसे खास बात यह है कि मुख्य भूमि दक्षिण-पूर्व एशिया में इस तरह का डायनासोर पहली बार खोजा गया है।