कोडिंग टेस्ट में AI का ज्यादा इस्तेमाल करने पर टेक कंपनी ने उम्मीदवार को किया रिजेक्ट
एक टेक कंपनी का रिजेक्शन ईमेल इन दिनों इंटरनेट पर खूब चर्चा में है। दरअसल, कंपनी ने एक उम्मीदवार को कोडिंग टेस्ट के दौरान ChatGPT, क्लाउड और जेमिनी जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का बहुत ज्यादा इस्तेमाल करने के लिए फटकारा है। जब उम्मीदवार से कोड के पीछे का आर्किटेक्चर समझाने को कहा गया तो उसने कथित तौर पर जवाब दिया, "असल में, पहले मुझे थोड़ा संदर्भ बताने दें।"
इस घटना से यह सवाल उठने लगा है कि क्या AI का बहुत ज्यादा इस्तेमाल असली कोडिंग कौशल को नुकसान पहुंचा सकता है।
ईमेल के जवाब से AI पर छिड़ी बहस
कंपनी ने ईमेल में साफ लिखा, "दुर्भाग्य से, हमें ऐसे शख्स की तलाश है, जो अपने तकनीकी फैसलों को खुद समझा सके।" इस घटना के बाद AI के इस्तेमाल पर एक नई बहस छिड़ गई है।
कुछ लोग कह रहे हैं कि कोडिंग का बुनियादी ज्ञान आज भी बहुत जरूरी है, वहीं कुछ ने मजाक में यह भी कह दिया कि शायद रिजेक्शन का यह नोट भी किसी AI ने ही लिखा होगा।
इस पूरे मामले ने लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि AI का इस्तेमाल करने और आप जो बना रहे हैं, उसे खुद समझने के बीच संतुलन कैसे बनाया जाए।