उच्च रक्तचाप को नियंत्रित करने में व्यायाम से ज्यादा योग कारगर
हाल ही में हुए एक अध्ययन से पता चला है कि योग सिर्फ शरीर को लचीला बनाने के लिए ही नहीं है, बल्कि यह हमारे दिल के लिए भी बेहद लाभकारी हो सकता है। शोध से सामने आया है कि अगर, आप अपने वर्कआउट दिनचर्या में योग को नियमित रूप से शामिल करते हैं तो आपका सिस्टोलिक रक्तचाप 10mm Hg तक कम हो सकता है।
दूसरी तरफ, सिर्फ शारीरिक व्यायाम करने से यह सिर्फ 4mm Hg ही घटता है। इतना ही नहीं योग हाइपरटेंशन (उच्च रक्तचाप), इंसुलिन रेजिस्टेंस और शरीर में होने वाली सूजन (इंफ्लेमेशन) को भी घटाता है। ये सभी दिल की बीमारियों के बड़े कारण माने जाते हैं।
तनाव को कम कर बनाता है मानसिक रूप से मजबूत
योग के फायदे केवल शरीर को ही नहीं मिलते यह मानसिक रूप से भी हमें मजबूत बनाता है। यह पैरासिम्पैथेटिक नर्वस सिस्टम को सक्रिय करके तनाव को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाता है।
ऐसा करना बहुत जरूरी है क्योंकि ज्यादा तनाव और डिप्रेशन से हार्ट अटैक का खतरा 2.14 गुना बढ़ जाता है। इसके साथ ही, योग के आसनों, ब्रीदिंग एक्सरसाइज और मेडिटेशन का मिश्रण हृदय संबंधी घटनाओं (कार्डियक इवेंट्स) के बाद ठीक होने में भी सहायक होता है। इतना ही नहीं यह स्वस्थ आदतों को अपनाने और दवाओं को समय पर लेने को भी आसान बनाता है।