10 दिन का योग-नेचुरोपैथी देगा महीनों तक तनाव से छुटकारा, अध्ययन में खुलासा
एक अध्ययन से पता चला है कि योग, नेचुरोपैथी और सही खान-पान वाला 10 दिन का एक कार्यक्रम शरीर को महीनों तक तनाव से बेहतर ढंग से निपटने में सहायता कर सकता है।
कर्नाटक के शोधकर्ताओं ने 262 लोगों पर एक अध्ययन किया और पाया कि इस संयोजन से उनकी तनाव प्रतिक्रिया प्रणाली में एक अहम बदलाव आया। यह अध्ययन 'जर्नल ऑफ बॉडीवर्क एंड मूवमेंट थेरेपीज' में प्रकाशित हुआ है।
DASH डाइट के साथ HRV में किया सुधार
जिन प्रतिभागियों ने योग, नेचुरोपैथी चिकित्सा और डाइटरी अप्रोचेस टू स्टॉप हाइपरटेंशन (DASH) डाइट का पालन किया, उनमें हार्ट रेट वेरिएबिलिटी (HRV) में स्पष्ट सुधार दिखा।
यह इस बात का अच्छा संकेत था कि उनका शरीर तनाव को और सहजता से संभाल रहा था। ये फायदे 9 महीने बाद भी कायम रहे, जबकि केवल नियमित दवाइयां लेने वाले लोगों में इतने लंबे समय तक ऐसा सकारात्मक असर नहीं दिखा।
शोधकर्ताओं का कहना है कि HRV सुधार को मापने का एक भरोसेमंद तरीका है। वे सुझाव देते हैं कि हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने के लिए योग और नेचुरोपैथी एक सहायक अतिरिक्त उपचार हो सकते हैं।