Loading...
ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश: मिचेल स्टार्क ने दूसरे टेस्ट में लिए कुल 10 विकेट, बनाए ये रिकॉर्ड्स
मिचेल स्टार्क ने दूसरे टेस्ट में लिए कुल 10 विकेट (तस्वीर: एक्स/@cricketcomau)

ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश: मिचेल स्टार्क ने दूसरे टेस्ट में लिए कुल 10 विकेट, बनाए ये रिकॉर्ड्स

Aug 23, 2026
11:17 am

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने सीरीज के दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश क्रिकेट टीम को पारी और 51 रन से हराया। मैके में खेले गए टेस्ट में बांग्लादेशी टीम ने 64 और 95 रन के स्कोर किए। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने मैच में कुल 10 विकेट लेते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई। स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में कुल चौथी बार, 10 विकेट हॉल लिया। आइए उनकी गेंदबाजी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

गेंदबाजी 

मैच में जोरदार रही स्टार्क की गेंदबाजी 

पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्टार्क ने 10 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 12 रन देते हुए 6 विकेट लिए।

उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ पहला और अपने टेस्ट करियर का 19वां, 5 विकेट हॉल लिया।

इसके बाद बांग्लादेश की दूसरी पारी में उन्होंने अपने 10 ओवर में 39 रन देते हुए 4 सफलताएं हासिल की।

इस जोरदार गेंदबाजी के चलते स्टार्क को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

प्रदर्शन 

स्टार्क ने टेस्ट मैच में किया अपना दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 

स्टार्क ने मैच में कुल 51 रन देते हुए 10 विकेट लिए। यह टेस्ट क्रिकेट में स्टार्क का दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।

बता दें कि स्टार्क ने 2016 में श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में 94 रन देते हुए कुल 11 विकेट लिए थे।

स्टार्क ने टेस्ट में कुल चौथी बार 10 विकेट हॉल लिया।

इससे पहले कैनबरा टेस्ट (10/100 बनाम श्रीलंका, 2019) और पर्थ टेस्ट (10/113 बनाम इंग्लैंड, 2025) में भी ऐसा कारनामा कर चुके हैं।

ADVERTISEMENT

रिकॉर्ड्स 

मैच में स्टार्क ने ये रिकॉर्ड्स भी बनाए 

स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में विकेटों के मामले में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज डेल स्टेन (439) को पीछे छोड़ा।

स्टार्क ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विकेटों के मामले में पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को पीछे छोड़ा। अश्विन ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 761 विकेट लिए थे।

इस टेस्ट के दौरान ही स्टार्क ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 में 50 विकेट पूरे किए। वह इस चक्र में फिलहाल सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज बने हैं।

ADVERTISEMENT

टेस्ट करियर 

बेमिसाल है स्टार्क का टेस्ट करियर 

स्टार्क ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2011 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।

उन्होंने अब तक कुल 107 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसकी जिसकी 206 पारियों में लगभग 26 की औसत से 445 विकेट चटकाए हैं।

वह 19 बार 5 विकेट हॉल भी ले चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 7/58 का रहा है।

टेस्ट में उनसे ज्यादा विकेट वाले ऑस्ट्रेलियाई सिर्फ शेन वॉर्न (708), नाथन लियोन (571) और ग्लेन मैक्ग्रा (563) हैं।

लेखा-जोखा 

ऑस्ट्रेलिया ने जीता दूसरा टेस्ट 

पहली पारी में बांग्लादेश की ओर से 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।

मिचेल स्टार्क की घातक गेंदबाजी (6/12) के सामने बांग्लादेश ने टेस्ट में अपना चौथा सबसे कम स्कोर (64) बनाया।

जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने कैमरून ग्रीन के अर्धशतक (67) की बदौलत 210 रन बनाए। बांग्लादेश से शोरिफुल इस्लाम ने 7 विकेट लिए।

इसके बाद बांग्लादेश की दूसरी पारी भी कमिंस और स्टार्क की उम्दा गेंदबाजी के सामने 95 रन पर ढेर हुई।

ADVERTISEMENT