सारांश जैन बने 21वीं सदी में भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी
क्या है खबर?
मध्य प्रदेश के 33 वर्षीय ऑलराउंडर सारांश जैन ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया है। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने उन्हें पहली टेस्ट कैप सौंपी। सारांश को चोटिल वाशिंगटन सुंदर की जगह टीम में शामिल किया गया था और प्लेइंग इलेवन में उन्होंने संक्रमण से जूझ रहे स्पिनर कुलदीप यादव की जगह ली है।
रिकॉर्ड
सारांश ने हासिल की यह खास उपलब्धि
क्रिकबज के अनुसार, सारांश अब 33 साल और 145 दिन की उम्र में 21वीं सदी में भारत के सबसे उम्रदराज टेस्ट डेब्यू करने वाले खिलाड़ी हैं।
इससे पहले साल 2000 में विकेटकीपर सबा करीम ने 32 साल 362 दिन की उम्र में ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था।
भारत की प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जड़ेजा, ध्रुव जुरेल, सारांश जैन, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
परिचय
कौन हैं सारांश जैन?
31 मार्च, 1993 को इंदौर में जन्मे सारांश बेहतरीन ऑफ स्पिनर हैं और बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं।
इस ऑफ स्पिनर ने 2014-15 सीजन में मध्य प्रदेश के लिए अपना प्रथम श्रेणी का पदार्पण किया था।
वह मध्य प्रदेश के पूर्व क्रिकेटर सुबोध जैन के बेटे हैं। उन्होंने इंदौर के विजय क्लब में अपने कौशल को निखारा और रजत पाटीदार के साथ खेले।
पाटीदार भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान हैं।
करियर
सारांश का प्रथम श्रेणी में कैसा रहा है प्रदर्शन?
सारांश ने अब तक 54 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं, जिसकी 97 पारियों में 27.30 की औसत और 3.01 की इकॉनमी से 188 विकेट चटकाए हैं।
इसमें 10 बार 4 और 10 बार 5 विकेट हॉल शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6/75 का रहा है।
इसी तरह उन्होंने 85 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 2,223 रन भी बनाए हैं। इसमें 2 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं।
उन्होंने दलीप ट्रॉफी के 2 मैचों में भी 16 विकेट चटकाए हैं।