कंगना रनौत ने तापसी पन्नू को बुलाया 'सस्ती कॉपी', बोलीं- उसने सारी हदें पार कर दीं
क्या है खबर?
अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर तापसी पन्नू के खिलाफ इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट कर उनके बीच पुराने विवाद को फिर से हवा दे दी है। दरअसल, हाल ही में तापसी ने एक इंटरव्यू में अपनी और कंगना की परवरिश पर एक टिप्पणी की थी। इससे नाराज होकर कंगना ने तापसी पर तंज कसा और उनके बैकग्राउंड पर सवाल उठाए। हालांकि, कंगना ने कुछ ही समय बाद इन स्टोरीज को डिलीट कर दिया।
निशाना
'सस्ती कॉपी' बोलकर परवरिश पर उठाए सवाल
कंगना ने बिना नाम लिए तापसी पर निशाना साधते हुए एक इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट की।
इसमें उन्होंने 'सस्ती कॉपी' शब्द का इस्तेमाल किया, जिसका प्रयोग वो पहले भी तापसी के लिए कर चुकी हैं।
कंगना ने लिखा कि ये 'सस्ती कॉपी' अपनी नई बी-ग्रेड फिल्म के प्रचार के दौरान भी केवल उनके नाम का सहारा ले रही है। कंगना ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आज उसने हद पार कर मेरी परवरिश और माता-पिता का मजाक उड़ाया है।
नाराजगी
संदिग्ध बैकग्राउंड और किराए के मकानों में रहने वाले उठा रहे सवाल- कंगना
कंगना ने अपनी अगली स्टोरी में तापसी पन्नू के बयान पर तीखा हमला बोलते हुए लिखा कि शहरों के तंग इलाकों में किराए के मकानों में संदिग्ध बैकग्राउंड और आय के साथ पले-बढ़े लोग अक्सर उनकी परवरिश और राजपूत जमींदार परिवार पर सवाल उठाते हैं।
कंगना ने साफ किया कि उनके माता-पिता शिक्षित और प्रतिष्ठित हैं और शून्य से शुरुआत करना उनका निजी फैसला था। इसके लिए उनके परिवार को निशाना बनाना पूरी तरह गलत और दुर्भाग्यपूर्ण है।
गुस्सा
कंगना ने तापसी के माता-पिता पर साधा निशाना
कंगना ने लिखा, 'मुझे लगता है कि सभी माता-पिता अपनी ओर से सबसे बेहतरीन कोशिश करते हैं और मैं कभी किसी के माता-पिता को किसी विवाद में नहीं घसीटती, लेकिन आ मैं भी उसके माता-पिता से पूछना चाहती हूँ कि वे मेरे माता-पिता की तरह कोई ओरिजिनल इंसान क्यों नहीं पैदा कर सके? सिर्फ एक सस्ती कॉपी ही क्यों? मुझे उनके प्रयासों पर दया आती है। हालांकि, कुछ ही देर बाद कंगना ने अपनी यह इंस्टाग्राम स्टोरी डिलीट कर दी।'
तंज
कंगना से पुराने विवाद पर तापसी पन्नू का तीखा तंज
हालिया इंटरव्यू में तापसी ने कंगना संग अपने पुराने विवाद पर बात करते हुए दोहराया कि वो उनसे कभी नहीं मिली हैं।
तापसी बोलीं, "मैं उनसे नहीं मिली हूं। न तो इन तथाकथित मुद्दों की शुरुआत से पहले और ना ही अब। उनके प्रति मेरी राय मेरी परवरिश, सोचने और बात करने के तरीके को दर्शाती है, जबकि वो अपने विचारों पर कायम हैं। मुझे लगता है कि ये समझने के लिए काफी है कि कौन कहाँ से आता है।"
मतभेदे
तापसी और कंगना की सालों पुरानी जुबानी जंग
तापसी और कंगना का विवाद साल 2019 में शुरू हुआ था। ये तब गहराया, जब कंगना की बहन रंगोली चंदेल ने तापसी को 'सस्ती कॉपी' कहा।
साल 2020 में नेपोटिज्म पर बहस के दौरान कंगना ने तापसी को द्वितीय श्रेणी की कलाकार और काम के लिए तरसने वाली बाहरी कलाकार कहा, जिससे तल्खी और बढ़ गई। तमाम मतभेदों और जुबानी जंग के बावजूद, तापसी ने कहा है कि वो कंगना से दोस्ती करने के लिए तैयार हैं।