स्टैनफोर्ड के वैज्ञानिकों ने दिमाग 2 हिस्सों में बंटा होने का किया दावा
आपको जानकर हैरानी होगी कि आपका दिमाग शायद अकेले काम करने के बजाय 2 हिस्सों में बंटकर काम करता है। स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के एक नए शोध में यह बात सामने आई है कि दिमाग का अगला हिस्सा शुरुआती विकास के दौरान दिमाग के पिछले हिस्से से एक अलग 'प्रोजेनिटर सेल' से बनता है। दोनों हिस्से ऐसे हैं जैसे दिमाग में 2 अलग-अलग अंग हों। इसी वजह से वैज्ञानिक पहले लैब में दिमाग की कुछ खास कोशिकाओं को विकसित करने में मुश्किल महसूस करते थे। वे दिमाग के दोनों हिस्सों के बजाय केवल एक हिस्से के लिए बनाए गए 'स्टेम सेल' का इस्तेमाल कर रहे थे।
कई बीमारियों के अध्ययन करने में मिलेगी मदद
शोधकर्ताओं ने जेब्राफिश जैसे कई जानवरों में भी इसी तरह का पैटर्न देखा है। इससे यह संकेत मिलता है कि दिमाग का यह विभाजन लगभग 50 करोड़ साल पहले हुआ था।
अब जब वैज्ञानिकों को दिमाग के बनने के तरीके की बेहतर जानकारी मिल गई है तो वे स्टेम सेल को खास न्यूरॉन प्रकारों में बदलने के लिए निर्देशित कर सकते हैं।
यह खोज एमियोट्रोफिक लेटरल स्क्लेरोसिस (ALS) जैसी बीमारियों का अध्ययन करने और भविष्य में नए इलाज विकसित करने में बहुत बड़ी प्रगति ला सकती है।