एक्स ने फर्जी एंगेजमेंट से कमाई करने वालों पर किया केस, क्या है मामला?
क्या है खबर?
एलन मस्क की सोशल मीडिया कंपनी एक्स ने अपने क्रिएटर रेवेन्यू शेयरिंग प्रोग्राम में फर्जी एंगेजमेंट के जरिए पैसे कमाने के आरोप में कुछ लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। कंपनी के अनुसार, आरोपियों ने कई अकाउंट का नेटवर्क बनाया और पोस्ट पर नकली लाइक, कमेंट और दूसरे एंगेजमेंट बढ़ाए। एक्स का कहना है कि इस तरीके से उन्होंने अपनी गतिविधियां छिपाईं और प्लेटफॉर्म से पैसे कमाए। मामला इंग्लैंड और वेल्स की हाई कोर्ट में दायर किया गया है।
तरीका
छह अकाउंट से बनाया क्रिप्टो नेटवर्क
मुकदमे में विवेक कुमार सेन और ज़मयांग शेरपा का नाम लिया गया है।
एक्स के अनुसार, दोनों ने छह अकाउंट का इस्तेमाल करके एक क्रिप्टो न्यूज नेटवर्क बनाया था। इन अकाउंट से एक जैसी पोस्ट एक ही समय पर की जाती थीं। कुछ दूसरे अकाउंट उन्हीं पोस्ट पर छोटे-छोटे कमेंट करते थे, जिससे ज्यादा एंगेजमेंट का दिखावा होता था।
कंपनी का आरोप है कि इस तरीके से रेवेन्यू शेयरिंग प्रोग्राम से कमाई की गई।
पेमेंट
पेमेंट और अकाउंट में मिली गड़बड़ी
एक्स के मुताबिक, इस नेटवर्क से जुड़े अकाउंट की पेमेंट और बैंक खातों में गड़बड़ी मिली।
एक अकाउंट की पेमेंट जानकारी स्टीफन मान के नाम पर थी, लेकिन बैंक खाता सेन से जुड़ा था। दूसरे अकाउंट में शेरपा का नाम था, जबकि उससे जुड़ा ईमेल सेन का था।
कुछ अकाउंट के बिलिंग पते भी अमेरिका में थे, जबकि दोनों प्रेस्टन में रहते थे। एक्स ने 18 अगस्त को पूरे नेटवर्क को सस्पेंड कर दिया।
कमाई
2.06 लाख पाउंड से ज्यादा कमाई
एक्स के अनुसार, आरोपियों ने 2.06 लाख पाउंड (लगभग 2.60 करोड़ रुपये) से ज्यादा रकम हासिल की, जिसे कंपनी ने रेवेन्यू शेयरिंग से जुड़ी धोखाधड़ी बताया है।
कंपनी अब पैसे वापस लेने और हर्जाने की मांग कर रही है। एक्स ने कहा कि ऐसे मामलों में प्लेटफॉर्म और क्रिएटर्स की कमाई बचाना जरूरी है।
इससे पहले जून, 2025 में भी कंपनी ने वियतनाम में क्लिक फार्म चलाने वाले आठ लोगों के खिलाफ ऐसे ही मामले में मुकदमा किया था।