स्पेस-X का स्टारशिप 20 सैटेलाइट को लेकर 16 जुलाई को भरेगा उड़ान
टेक्नोलॉजी
एलन मस्क की स्पेस कंपनी स्पेस-X का स्टारशिप रॉकेट 16 जुलाई को टेक्सास से लॉन्च होने वाला है। यह रॉकेट 20 नए स्टारलिंक V3 सैटेलाइट लेकर जाएगा, जिनसे इंटरनेट और ज्यादा तेज और विश्वसनीय बन पाएगा। भारतीय समयानुसार, यह लॉन्च 17 जुलाई की सुबह 4:15 से 5:45 बजे के बीच देखा जा सकेगा।
स्टारशिप के हीट शील्ड की जांच करेंगे सैटेलाइट
इस मिशन में स्टेज सेपरेशन, बूस्टर की वापसी, सैटेलाइट को तैनात करना और फिर हिंद महासागर में स्प्लैशडाउन जैसे कई दिलचस्प चरण शामिल होंगे। 6 सैटेलाइट में कैमरे लगे हैं, जो स्टारशिप के वापस लौटने के दौरान उसकी हीट शील्ड की जांच करेंगे।
सैटेलाइट तैनात होने के बाद ये अपने सोलर पैनल और एंटीना सक्रिय करेंगे, जिससे स्पेस-X के ग्लोबल नेटवर्क का और विस्तार होगा।
भारतीय समयानुसार 3:45 बजे से आप स्पेस-X की वेबसाइट या एक्स अकाउंट पर इस पूरे लॉन्च को लाइव देख सकते हैं।