14 साल के बच्चे ने AI से बनाया फल-सब्जी में कीटनाशक का पता लगाने वाला डिवाइस
जॉर्जिया के 14 वर्षीय छात्र ने किचन की एक आम समस्या को एक अवॉर्ड-विनिंग साइंस प्रोजेक्ट में बदल दिया है।
स्नेलविले के 9वीं कक्षा के छात्र सिरिश सुबाश ने पेस्टीस्कैन नाम का एक हैंडहेल्ड डिवाइस बनाया है, जो फलों और सब्जियों पर मौजूद कीटनाशकों के अवशेषों का पता लगाने के लिए डिजाइन किया गया है।
USA टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, उनके इस आविष्कार ने उन्हें अक्टूबर, 2024 में अमेरिका के टॉप यंग साइंटिस्ट का खिताब और सालाना 3M और डिस्कवरी एजुकेश' प्रतियोगिता में 25,000 डॉलर (करीब 24 लाख रुपये) का इनाम दिलाया।
उत्पादों की जांच में 85 फीसदी से ज्यादा सटीकता
पेस्टीस्कैन की मदद से लोग तुरंत पता लगा सकते हैं कि उनके फल और सब्जियां वाकई साफ हैं या नहीं। यह कीटनाशक अवशेषों की पहचान करता है और ब्लूटूथ के जरिए वायरलेस तरीके से जानकारी भी साझा कर सकता है।
पालक और टमाटर पर हुए परीक्षणों में इसकी सटीकता 85 फीसदी से अधिक पाई गई। सिरिश की यह जीत दिखाती है कि युवा आविष्कारक विज्ञान का उपयोग कर दुनिया की वास्तविक समस्याओं का समाधान कैसे कर सकते हैं।