वीवीएस लक्ष्मण क्यों नहीं बने भारतीय टीम के मुख्य कोच? वजह आई सामने
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण लंबे समय से भारतीय टीम के मुख्य कोच पद के दावेदारों में रहे हैं। राहुल द्रविड़ का कार्यकाल खत्म होने के बाद भी उनका नाम सामने आया था, लेकिन गौतम गंभीर को यह जिम्मेदारी मिली। गंभीर के नेतृत्व में घरेलू सीरीज में लगातार दूसरी बार क्लीन स्वीप के बाद लक्ष्मण का नाम फिर चर्चा में आया। अब लक्ष्मण ने खुलासा किया है कि उन्होंने पहले कोच बनने का प्रस्ताव क्यों ठुकराया था।
कोच
इस कारण लक्ष्मण नहीं बने कोच
लक्ष्मण ने खुलासा किया कि साल 2023 में वह भारतीय टीम के मुख्य कोच बनने वाले थे, लेकिन निजी कारणों से उन्होंने यह जिम्मेदारी लेने में असमर्थता जताई।
उन्होंने बताया कि उन्होंने इस बारे में तत्कालीन BCCI सचिव जय शाह से 2 बार मुलाकात कर अपनी स्थिति समझाई थी। शाह ने उनकी परिस्थितियों को समझा।
हालांकि, लक्ष्मण टीम से जुड़े रहे और कई मौकों पर अंतरिम मुख्य कोच की भूमिका निभाई। हाल ही में वह जिम्बाब्वे दौरे पर कोच थे।
रिपोर्ट्स
लक्ष्मण का COE छोड़ने का इरादा नहीं
हालिया मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि BCCI मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के संभावित विकल्प के तौर पर लक्ष्मण के नाम पर विचार कर रहा है।
चयन समिति और रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर सवालों के बीच यह अटकलें सामने आई हैं।
हालांकि, BCCI ने अभी तक इस बारे में कोई फैसला नहीं किया है। उनका कोई बयान भी नहीं आया है।
लक्ष्मण ने साफ किया कि फिलहाल उनका सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) छोड़ने का इरादा नहीं है।
बयान
मुख्य कोच का पद नहीं संभालेंगे लक्ष्मण
लक्ष्मण ने कहा कि जय शाह और मौजूदा सचिव देवजीत सैकिया ने उन्हें अपनी सोच के मुताबिक काम करने की पूरी आजादी दी है।
इसी वजह से उन्होंने COE के साथ अपना कार्यकाल 2 साल के लिए बढ़ाया था। लक्ष्मण मुख्य कोच का पद नहीं संभालेंगे।
उन्होंने बताया कि 2024 में उन्हें इस पद के लिए संपर्क किया गया था। अब वह COE में अपने विस्तारित कार्यकाल के दौरान तय लक्ष्यों को पूरा करना चाहते हैं।
जुड़ाव
भारतीय टीम का हिस्सा बनना अभी लक्ष्मण के लिए मुश्किल
लक्ष्मण ने कहा कि वह इस बात से बेहद खुश हैं कि COE एक विश्वस्तरीय कार्यक्रम स्थापित करने में सफल रहा है।यह उनके लिए गर्व की बात है कि इस परियोजना को इतने अच्छे स्तर तक पहुंचाया जा सका।
फिलहाल लक्ष्मण COE से जुड़े अपने काम को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध नजर आ रहे हैं।
ऐसे में उनका भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम में वापसी या राष्ट्रीय चयन व्यवस्था में जाने का कोई इरादा नहीं दिख रहा है।